सोशल मीडिया से पहचान पाने वाले डॉ कुमार विश्वास ने नोएडा काव्य सम्मेलन में क्या – क्या कहा

मेघा राजपूत, संवाददाता

Noida News (19/04/2026): सोशल मीडिया के दौर में जहां लोग एक पल भी मोबाइल से दूर नहीं रह पाते, वहीं सोशल मीडिया से ही पहचान बनाने वाले डॉ कुमार विश्वास ने नोएडा के काव्य मंच से कहा “मोबाइल बंद कर दीजिए।” और यही एक लाइन पूरे कार्यक्रम की सबसे बड़ी कहानी बन गई।

18 अप्रैल को नोएडा के पंचशील बालक इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन द्वारा एक काव्य पाठ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युग कवि और विश्वविख्यात मंचीय वक्ता डॉ कुमार विश्वास ने शिरकत की और अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंच से डॉ. कुमार विश्वास ने हल्के अंदाज़ में कहा, “अच्छा है मीडिया वाले नहीं आए, वरना बिना बात की खबर बना देते हैं।” हालांकि, एक पत्रकार के रूप में समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए इस कार्यक्रम को दर्ज करना आवश्यक हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने दर्शकों से अनुरोध किया कि सभी अपने मोबाइल फोन बंद कर दें और पूरे मन से काव्य पाठ का आनंद लें। लेकिन कार्यक्रम के अंत में उन्होंने स्वयं ही लोगों से अपील की कि वे इस आयोजन के बारे में अपनी राय सोशल मीडिया पर जरूर लिखें। यहीं से एक दिलचस्प विरोधाभास सामने आता है, साथ ही मन में एक सवाल भी कि, सोशल मीडिया से पहचान पाने वाले प्रसिद्ध कवि डॉक्टर कुमार विश्वास अब अपने ही कार्यक्रम में लोगों से मोबाइल बंद करने की अपील करते हैं और फिर बाद में कार्यक्रम का फीडबैक देने को लेकर लोगों से सोशल मीडिया पर लिखने की अपील करते हैं।

उनकी प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि श्रोता घंटों तक बिना हिले-डुले बैठे रहे। न किसी फोन की आवश्यकता महसूस हुई, न किसी अन्य मनोरंजन की, उनका मंच ही सबसे बड़ा माध्यम बन दिया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी चर्चित पंक्तियाँ- “हवा का काम है चलना, दीये का काम है जलना, वो अपना काम करती है, मैं अपना काम करता हूँ” सुनाकर खूब तालियाँ बटोरीं। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर हल्के राजनीतिक व्यंग्य किए, अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया और समकालीन राजनीति पर भी अपने विचार रखे। राम, कृष्ण-राधा जैसे विषयों पर भी उन्होंने काव्य पाठ किया।

मंच पर उनका एक और रूप देखने को मिला, जहाँ उन्होंने कुछ साथी कवियों का उत्साहवर्धन किया, वहीं कुछ पर हल्के-फुल्के व्यक्तिगत कटाक्ष भी किए।

कवयित्री अल्पना आनंद का उन्होंने विशेष सम्मान किया और उनकी सराहना की। वहीं रमेश मुस्कान पर मजाकिया टिप्पणियाँ कीं। साथ ही सुदीप भोला और हेमंत पांडे की खुलकर प्रशंसा की।

अपने संबोधन में उन्होंने एक गंभीर बात भी रखी “लोग सिर्फ सफलता देखते हैं, लेकिन 37 साल का संघर्ष कोई नहीं देखता।” उन्होंने बताया कि हर सफल व्यक्ति के पीछे लंबा संघर्ष और असफलताओं की कहानी होती है, जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कई बार अपने पारिश्रमिक (पेमेंट) का भी जिक्र किया। यह उनका व्यक्तिगत विषय है, लेकिन बार-बार इसका उल्लेख भी चर्चा का कारण बना।

अब सवाल यह उठता है कि जब कोई कलाकार दर्शकों से मोबाइल बंद करने को कहे और फिर उनसे अपने अनुभव साझा करने की अपील करे, तो क्या उसे स्वयं भी उदाहरण प्रस्तुत नहीं करना चाहिए?

हालांकि, उन्होंने वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की और कहा कि संस्था गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने प्रायोजकों (स्पॉन्सर्स) का धन्यवाद किया और लोगों से ऐसे प्रयासों में सहयोग करने की अपील भी की।

हर घटना के दो पहलू होते हैं- सकारात्मक और आलोचनात्मक। इस काव्य सम्मेलन में भी दोनों पहलू स्पष्ट रूप से देखने को मिले। एक ओर दर्शक उनकी प्रस्तुति से अभिभूत रहे, वहीं दूसरी ओर कुछ वक्तव्य और मंचीय व्यवहार चर्चा का विषय बन गए।

कुछ सवाल, जो विचारणीय हैं:

क्या कलाकार को दूसरों से कुछ कहने से पहले स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए?

क्या मंच से साथी कलाकारों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित है?

क्या मनोरंजन के साथ मर्यादा की सीमा तय होनी चाहिए?

और क्या मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी उचित संदेश देती है?

नोएडा का यह काव्य सम्मेलन कुमार विश्वास की दमदार प्रस्तुति, व्यंग्य, कविता और संदेशों के कारण यादगार रहा। दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया, लेकिन कुछ पहलुओं ने इसे केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विचार और चर्चा का विषय भी बना दिया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व विधायक नितिन त्यागी, प्रसिद्ध कवि एडवोकेट मुकेश शर्मा, कवि राजेश चेतन, समाज सेवी रविकांत मिश्रा, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार एस एस अवस्थी एवं टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली सहित कई गणमान्य अतिथि और भारी तादाद में मातृशक्ति की उपस्थिति रही।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।