फेज-2 में मजदूरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, ₹26,000 न्यूनतम वेतन की मांग तेज
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (11/04/2026): औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स में मजदूरों का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुई हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। मजदूर संगठनों के आह्वान पर बड़ी संख्या में श्रमिकों ने काम बंद रखा, जिसके चलते मदरसन सहित कई फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित हुआ।
मजदूर संगठन सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (CITU) के अनुसार वर्तमान न्यूनतम वेतन और महंगाई के बीच भारी अंतर के कारण श्रमिकों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में ₹11,000 मासिक वेतन में परिवार का गुजारा करना संभव नहीं है, इसलिए न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर ₹26,000 प्रति माह किया जाना चाहिए।
होजरी कॉम्प्लेक्स में चल रही इस हड़ताल का असर औद्योगिक गतिविधियों पर भी देखने को मिला। मजदूरों के काम पर न आने से कई इकाइयों में उत्पादन आंशिक रूप से ठप रहा। हड़ताल में बड़ी संख्या में ठेका मजदूर भी शामिल हैं, जो लंबे समय से वेतन वृद्धि और श्रम सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।
सीटू के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन को दबाने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। संगठन के मुताबिक 9 अप्रैल से जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा और महासचिव रामस्वारथ सहित कई श्रमिक नेताओं को घर में ही नजरबंद रखा गया है। सीटू ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए नेताओं को तत्काल रिहा करने और आंदोलन पर किसी भी प्रकार के दमन को बंद करने की मांग की है।

मजदूर नेताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण आम श्रमिकों की स्थिति बेहद कठिन हो गई है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹500 तक पहुंच गई है, जबकि न्यूनतम वेतन अभी भी करीब ₹11,000 के आसपास है। वहीं कई ठेका मजदूरों को 10 से 12 घंटे की ड्यूटी के बावजूद केवल ₹10,000 से ₹12,000 तक ही भुगतान मिल रहा है।
मजदूर संगठन ने अपनी मांगों में न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर ₹26,000 प्रति माह करने, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान सुनिश्चित करने, सभी श्रमिकों को ईएसआई और पीएफ जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने तथा ठेका प्रथा को समाप्त कर कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही संगठन ने गिरफ्तार या नजरबंद किए गए नेताओं की रिहाई की भी मांग की है।
सीटू के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को दबाने के लिए किसी भी प्रकार का दमन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान वेतन में मजदूरों का जीवन यापन संभव नहीं है। यदि जल्द ही वेतन वृद्धि और श्रमिक हितों से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।मजदूर संगठनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।