Noida News ( 09 April 2026): महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति अभियान-5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज में प्रेरणादायक कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सीडीओ शिवकांत द्विवेदी विशेष अतिथि और डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल रहीं। इस अवसर पर डॉ. मिश्र ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को समाज के लिए प्रेरणा बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें एसबीआई मैनेजर शिल्पा देशवाल, डॉ. धन्य अन्ना कुरियन, पत्रकार मनीषा झा, आशनी डौर, नितिका झा, राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी लक्ष्मी सिंह और प्रियांशी शुक्ला, प्रधानाध्यापक रश्मि त्रिपाठी, ‘लखपति दीदी’ पूनम और गीता सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और प्रोफेशनल्स शामिल रहीं। इसके अलावा पुलिस कमिश्नरेट की 38 महिला पुलिसकर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान “नन्हें परिंदे” संस्था की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों और महिलाओं ने खूब सराहा। वहीं डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नए पिंक बूथ, सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना, ‘रन फॉर इम्पावरमेंट’, बाइक रैली और मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस टीम द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, यौन अपराध, घरेलू हिंसा और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्टाफ ऑफिसर ट्विंकल जैन, एसीपी महिला सुरक्षा दीक्षा सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि और महिला संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम महिलाओं को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा और जागरूकता का संदेश देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।