डीडीयू अस्पताल में दवा घोटाला बेनकाब, 5 गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (05 April 2026): दिल्ली में एक बड़े स्वास्थ्य घोटाले का खुलासा हुआ है, जहां क्राइम ब्रांच ने सरकारी अस्पताल से दवाओं की हेराफेरी और अवैध बिक्री करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें डीडीयू अस्पताल का एक फार्मासिस्ट और एक हेल्पर भी शामिल है। ये दवाएं मरीजों को मुफ्त वितरण के लिए आती थीं, लेकिन इन्हें चोरी कर बाजार में बेचा जा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह अस्पताल के अंदर से ही संचालित हो रहा था। फार्मासिस्ट और हेल्पर मिलकर दवा स्टॉक में हेरफेर करते थे और रिकॉर्ड में गड़बड़ी कर दवाओं को बाहर निकाल देते थे। इसके बाद यह दवाएं दलालों के जरिए उत्तर प्रदेश के बाजारों में पहुंचाई जाती थीं, जहां उन्हें खुलेआम बेचा जाता था।

क्राइम ब्रांच के DCP पंकज कुमार के अनुसार, इंस्पेक्टर नीरज शर्मा की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों नीरज कुमार, सुशील कुमार और लक्ष्मण मुखिया को तीस हजारी स्थित ट्रांसपोर्ट हब से गिरफ्तार किया। उस समय ये आरोपी एक टेम्पो और कार में बड़ी मात्रा में दवाओं की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में एंटीबायोटिक्स और गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन बरामद किए।

बरामद दवाओं की कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। इन दवाओं पर साफ तौर पर “सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं” लिखा हुआ था। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा चैंपियन टेम्पो और एक बलेनो कार भी जब्त की है, जिनका इस्तेमाल दवाओं की ढुलाई में किया जा रहा था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह पिछले डेढ़ साल से सक्रिय था। मुख्य आरोपी नीरज कुमार सहारनपुर में “आदित्य फार्मेसी” नाम से दवा का थोक कारोबार करता है और वही इस पूरे नेटवर्क का प्रमुख रिसीवर और वितरक था। उसके साथ सुशील कुमार परिवहन का काम करता था, जबकि लक्ष्मण मुखिया दिल्ली के अंदर दवाओं को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में लगा था।

जांच के आधार पर पुलिस ने दो और आरोपियों बिनेश कुमार (फार्मासिस्ट) और प्रकाश महतो (हेल्पर) को गिरफ्तार किया। ये दोनों अस्पताल के स्टोर से दवाएं निकालने और रिकॉर्ड में हेरफेर करने में अहम भूमिका निभा रहे थे। फिलहाल पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पैसों के लेन-देन व नेटवर्क की पूरी कड़ी को खंगालने का प्रयास कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।