भारतेन्दु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम योगी का विशेष आह्वान

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (05/04/2026): लखनऊ में आयोजित भारतेन्दु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह के शुभारंभ अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने भारतीय रंगमंच, कला और संस्कृति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अकादमी के 50 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए इसकी भूमिका को समाज में जन-जागरण और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने वाला बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जब भावनाएं शब्दों का रूप लेती हैं और शब्द अभिनय के माध्यम से समाज तक पहुंचते हैं, तब रंगमंच समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज अपनी परंपराओं, संस्कृति और विरासत का सम्मान करना जानता है। यही कारण है कि रामायण जैसे धारावाहिकों को देशभर में व्यापक लोकप्रियता मिली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹22 करोड़ से अधिक की लागत से अकादमी भवन और दो प्रेक्षागृहों के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में अकादमी के पूर्व विद्यार्थियों, प्रमुख रंगकर्मियों और कलाकारों को सम्मानित भी किया गया तथा ‘रंगवेद’ पत्रिका का विमोचन किया गया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि, समाज में सही नायकों को उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नायकों के जीवन पर आधारित नाटकों और प्रस्तुतियों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उन्हें अपने आदर्श के रूप में पहचान सके।

उन्होंने महाराज सुहेलदेव, रानी लक्ष्मीबाई, महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह, अवंती बाई लोधी, उदा देवी और झलकारी बाई जैसे महान नायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों को मंच पर लाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों और कॉलेजों में भी ऐसे नाटकों का मंचन किया जाए, जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रीयता और सांस्कृतिक चेतना का विकास हो सके।

मुख्यमंत्री ने भारतेन्दु हरिश्चंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में जागरूकता पैदा की और ‘निज भाषा उन्नति अहै’ के संदेश के जरिए मातृभाषा के महत्व को स्थापित किया। उन्होंने रामचरितमानस का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकभाषा में रचित यह ग्रंथ आज भी घर-घर में पूजनीय है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कलाकारों और रंगकर्मियों को प्रदेशभर में जाकर नाट्य प्रस्तुतियां करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी संवाद, संगीत और सशक्त मंचन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने अकादमी से जुड़े पूर्व पदाधिकारियों और विशेष रूप से राज बिसारिया की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि पुरानी और नई पीढ़ी को साथ लेकर सांस्कृतिक यात्रा को आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग से भी सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया, ताकि समाज को जोड़ने और नई दिशा देने का यह अभियान निरंतर जारी रह सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।