भजन संध्या के साथ हुआ ऐतिहासिक बाराही मेला-2026 का भव्य आगाज

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/04/2026): सूरजपुर स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित प्राचीन और ऐतिहासिक बाराही मेला-2026 का शुभारंभ गुरुवार रात भव्य भजन संध्या के साथ हुआ। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। देर रात तक मंदिर परिसर में भजनों की मधुर धुनें गूंजती रहीं और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।

रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत भजन संध्या से हुई, जिसमें धर्मवीर भाटी एंड पार्टी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। ओमवीर नागर और श्रीपाल ने अपने सुमधुर स्वरों में कई लोकप्रिय भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राजवीर शर्मा व ओमवीर बैसला एंड पार्टी के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। सुनील शर्मा, प्रेम पंडित और नरेंद्र शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने मंच से एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर उपस्थित श्रद्धालु देर तक तालियां बजाते रहे।

भजन गायक सुनील कश्यप ने

“भगतों के तुमने मोहन सदा काम संवारे…”

भजन गाकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। वहीं ओमवीर बैसला ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया, जिससे पूरा पंडाल तालियों की गूंज से गूंज उठा।

संगीत संयोजन में मास्टर रविंद्र चौधरी और केडी गुर्जर ने अपने उत्कृष्ट वादन से कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई दी। उनके सधे हुए संगीत ने भजनों को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत कई भजनों को श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से सराहा। इनमें “राम नाम जपते रहो, काम करते रहो और जीवन यह अनमोल है…” जैसे भजनों ने श्रोताओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। कई पंक्तियों ने श्रद्धालुओं के हृदय को गहराई से स्पर्श किया और कई लोग भावुक हो उठे।

कार्यक्रम के समापन पर शिव मंदिर सेवा समिति की ओर से सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 अप्रैल, शुक्रवार को मेले के रात्रिकालीन कार्यक्रमों में मनोज कारना एंड पार्टी द्वारा रागिनी कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम में दीपा चौधरी, नेहा शर्मा, राधेश्याम मंडार, जैन कुमार, धर्मी तंवर और मनीसा मरजानी सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

उन्होंने बताया कि मेले में स्थापित लोक कला संस्कृति मंच पर हरियाणा से आए कलाकार पारंपरिक लोक नृत्य और लोकगीत प्रस्तुत करेंगे, जो मेले का प्रमुख आकर्षण होंगे। मेले के बारे में जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष धर्मपाल भाटी ने कहा कि बाराही मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और विरासत का प्रतीक है। इस आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।

महासचिव ओमवीर सिंह बैसला ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल ने कहा कि समिति का प्रयास है कि इस वर्ष का मेला पहले की तुलना में अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बने। इस अवसर पर शिव मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष धर्मपाल भाटी, महासचिव ओमवीर बैसला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल, मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा, ज्ञानेंद्र देवघर, योगेश अग्रवाल, रवि भाटी, लीलू भगत, राजवीर शर्मा, सुभाष शर्मा, हरिकिशन शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।