ITS डेंटल कॉलेज में दीक्षांत समारोह, 125 छात्रों को बीडीएस और एमडीएस की डिग्री प्रदान

ग्रेटर नोएडा। आईटीएस डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में 2 अप्रैल 2026 को बीडीएस (बैच 2020) और एमडीएस (बैच 2022) के छात्रों के लिए एक भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 125 सफल विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां प्रदान की गईं।

समारोह के मुख्य अतिथि पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ, नोएडा के निदेशक एवं अटल बिहारी वाजपेई चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के पूर्व कुलपति डाॅ. ए.के. सिंह रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, ग्रेटर नोएडा के निदेशक एवं प्रोफेसर डाॅ. (ब्रिगेडियर) राकेश गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के अध्यक्ष डाॅ. आर.पी. चड्ढा, उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा, सचिव बी.के. अरोरा, निदेशक (पब्लिक रिलेशन) सुरेन्द्र सूद तथा संस्थान के प्रधानाचार्य डाॅ. ओमकार के. शेट्टी सहित सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और विद्यार्थियों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डाॅ. ए.के. सिंह ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि आईटीएस डेंटल कॉलेज दंत चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों को समर्पण, ईमानदारी और मानवीय संवेदनाओं के साथ समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक केवल रोगों का उपचार नहीं करता, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करता है।

विशिष्ट अतिथि डाॅ. (ब्रिगेडियर) राकेश गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उनके संघर्षपूर्ण सफर की याद दिलाते हुए कहा कि उनके माता-पिता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें इस क्षेत्र में भेजा, उसे उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से साकार किया है। उन्होंने कहा कि एक सफल चिकित्सक वही है, जो अपने ज्ञान और सेवा के माध्यम से अधिकतम लोगों तक लाभ पहुंचा सके।

दीक्षांत समारोह ने न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा के सफल समापन को चिह्नित किया, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील दंत चिकित्सक के रूप में समाज में योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।