ग्रामीणों को बेहतर इलाज: GIMS-होंडा फाउंडेशन के बीच MoU पर हस्ताक्षर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (01/04/2026): ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS), ग्रेटर नोएडा और होंडा इंडिया फाउंडेशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के माध्यम से ग्रामीण आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की जाएंगी।

समझौते के अवसर पर होंडा इंडिया फाउंडेशन की ओर से उपाध्यक्ष पीयूष मित्तल, जनरल मैनेजर नीरज अवस्थी और एजीएम पंकज शर्मा मौजूद रहे। वहीं GIMS की ओर से संस्थान के निदेशक डॉ. (ब्रिगेडियर) राकेश गुप्ता, डीन डॉ. रंभा पाठक, डॉ. श्रुति सिंह तथा डॉ. अनिरुद्ध सक्सेना ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

इस समझौते के तहत चयनित लाभार्थियों को विशेष “पिंक कार्ड” प्रदान किए जाएंगे। इस कार्ड के माध्यम से मरीजों को GIMS में प्राथमिकता के आधार पर परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी तथा उन्हें लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी।

संस्थान ने इस पहल के अंतर्गत आने वाले मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए “जीरो रिफ्यूजल” नीति लागू की जाएगी, जिसके तहत किसी भी गर्भवती महिला को उपचार से मना नहीं किया जाएगा और उन्हें संपूर्ण प्रसव देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी।

इस साझेदारी के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और जांच सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए मोबाइल मेडिकल वैन चलाई जाएंगी। इन वैन के माध्यम से कैंसर की प्रारंभिक जांच (स्क्रीनिंग) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान भी चलाया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविरों में आधुनिक तकनीक के माध्यम से विभिन्न रोगों की जांच की जाएगी और मरीजों के लिए डिजिटल ABHA आईडी बनाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डिजिटल रूप में सुरक्षित रह सके। इस सहयोग में होंडा इंडिया फाउंडेशन जमीनी स्तर पर कार्यक्रमों के संचालन, प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स की जिम्मेदारी निभाएगा। वहीं GIMS की ओर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और मरीजों को आवश्यक दवाएं निशुल्क प्रदान की जाएंगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह साझेदारी ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ साक्ष्य-आधारित चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देगी। इसके साथ ही भविष्य में दोनों संस्थान संयुक्त रूप से अनुसंधान और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य कार्यक्रमों पर भी काम करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।