जेवर इतिहास रच रहा, यह जनता के सपनों और बलिदान का परिणाम: MLA Dhirendra Singh | Noida International Airport
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (28/03/2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह अवसर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण विकास मील का पत्थर माना जा रहा है। इस परियोजना को उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति के लिए गेमचेंजर के रूप में देखा जा रहा है।
इस ऐतिहासिक क्षण पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह (MLA Dhirendra Singh) ने टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में गहरी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जेवर की धरती आज एक नए युग की शुरुआत की साक्षी बन रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि वर्षों से देखे गए सपनों के साकार होने का क्षण है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, आज यहाँ बैठा हर व्यक्ति इतिहास का साक्षी है। यह वही इतिहास है, जिसका सपना मैंने बचपन में देखा था और जिसे साकार करने का संकल्प 2017 के बाद हमारे मुख्यमंत्री ने लिया। आज वह सपना धरातल पर उतरता हुआ दिखाई दे रहा है।
भीड़ के उत्साह का उल्लेख करते हुए धीरेन्द्र सिंह कहा कि लोगों में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए अद्भुत उत्साह है। आप कुछ ही समय में देखेंगे कि यहाँ पैर रखने की भी जगह नहीं बचेगी। यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि जेवर और आसपास के क्षेत्र के लोग इस परियोजना को अपने दिल से जोड़कर देख रहे हैं।
रोजगार और क्षेत्रीय विकास पर जोर देते हुए धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह एयरपोर्ट आने वाले समय में लाखों लोगों के लिए नए अवसर लेकर आएगा। हम केवल एक एयरपोर्ट नहीं बना रहे हैं, बल्कि हम हजारों-लाखों युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खोलने जा रहे हैं। यह परियोजना पूरे क्षेत्र की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि का आधार बनेगी, उन्होंने जोड़ा।

एयरपोर्ट के संचालन को लेकर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 45 दिनों के भीतर घरेलू उड़ानें शुरू होने की संभावना है और उसके करीब तीन महीने बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी प्रारंभ हो जाएंगी, जिससे जेवर वैश्विक कनेक्टिविटी के नक्शे पर प्रमुख स्थान हासिल करेगा। क्षेत्रवासियों और विशेष रूप से किसानों के योगदान को याद करते हुए विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह विकास उनकी त्याग और बलिदान की देन है। मैं उन सभी किसान भाइयों को नमन करता हूँ, जिन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अपनी जमीन इस परियोजना के लिए समर्पित की। उनका यह योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
सरकार से अपनी अपेक्षाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अपील की कि विकास की इस धारा में किसानों को भी समान भागीदारी दी जाए। जेवर विधायक ने कहा कि, नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ से आग्रह करता हूँ कि जिन लोगों की वजह से यह विकास संभव हुआ है, उन किसानों को भी इन योजनाओं में उचित स्थान और लाभ मिलना चाहिए, ताकि देश और तेजी से प्रगति कर सके।

कार्यक्रम के बाद धीरेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो साझा करते हुए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि आज का दिन जेवर के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है और यह संभव हुआ है क्षेत्र के लोगों के अभूतपूर्व समर्थन और सहभागिता से। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनका यह विश्वास ही उनकी ताकत है और वह लगातार क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य करते रहेंगे।
जेवर विधायक ने आगे कहा कि यह वही जेवर है, जो 2017 से पहले विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, लेकिन आज उसी जेवर ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना ली है। उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली, युवाओं के रोजगार और हर घर में समृद्धि की कामना करते हुए सभी का धन्यवाद किया।
इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा , नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सीईओ क्रिस्टोफ स्कैनलमैन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।