Noida International Airport उद्घाटन: नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने बताया ‘विकास का द्वार’
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (28 March 2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर (Noida International Airport) के प्रथम चरण का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के करकमलों द्वारा भव्य उद्घाटन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया, विकास कार्यों का जायजा लिया और एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे। उद्घाटन समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। जेवर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और देशभर में इस परियोजना को लेकर लोगों में खास उत्साह नजर आया।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ( Kinjarapu Ram Mohan Naidu) ने इसे भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली, जिसे देश की धड़कन माना जाता है, आज उसे एक नई धड़कन मिली है। लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह विशाल एयरपोर्ट 3,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है और इसकी 4 किलोमीटर लंबी रनवे अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के लिए पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की संस्कृति, पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के तहत जेवर एयरपोर्ट को एक बड़े एयरोट्रोपोलिस के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र निवेश, उद्योग और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां से तैयार होने वाले उत्पाद देश और दुनिया के बाजारों तक तेजी से पहुंच सकेंगे। साथ ही, 40 एकड़ में विकसित हो रही मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहाल (MRO) सुविधा से एविएशन सेक्टर को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि पहले जेवर और आसपास के लोगों को रोजगार के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब देश और दुनिया के लोग रोजगार, निवेश और कारोबार के लिए जेवर आएंगे। एयरपोर्ट के संचालन से ग्राउंड हैंडलिंग, सिक्योरिटी, मेंटेनेंस, होटल, रियल एस्टेट, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, टूरिज्म और कृषि जैसे क्षेत्रों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इससे पूरे यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल खास लोगों तक सीमित थी, लेकिन आज यह आम नागरिक की यात्रा बन चुकी है। उड़ान योजना के माध्यम से देश में हवाई सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है और अब इसे अगले 10 वर्षों के लिए और अधिक प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए देश का हर नागरिक खास है और उनकी हर योजना आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए समर्पित है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के रिकॉर्ड 8,936 दिनों के सार्वजनिक नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि देश सेवा के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हर कदम आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत, डिजिटल भारत और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा है। उनकी सोच किसी एक प्रदेश, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे भारत के विकास के लिए समर्पित है।
उत्तर प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के नेतृत्व में प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था में सुधार, कनेक्टिविटी विस्तार, निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ उत्तर प्रदेश आज देश के विकास मॉडल के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से जेवर एयरपोर्ट परियोजना ने एक नया इतिहास रचा है।

अपने संबोधन के अंत में मंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों, युवाओं, मजदूरों, परियोजना से जुड़े कर्मचारियों, Tata Projects की टीम और एयरपोर्ट डेवलपमेंट टीम को विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब जेवर का नाम केवल एक स्थान के रूप में नहीं, बल्कि निवेश, विकास, रोजगार और प्रगति के प्रतीक के रूप में लिया जाएगा। यह परियोजना भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को नई शक्ति देगी।
इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन का समापन “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।