Noida International Airport उद्घाटन समारोह में सीएम योगी का दमदार संबोधन, “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंजा मंच

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (28 March 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों द्वारा आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर (Noida International Airport) के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम भी निर्धारित है। यह अवसर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण विकास मील का पत्थर माना जा रहा है। इस परियोजना को उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति के लिए गेमचेंजर के रूप में देखा जा रहा है।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से हृदय से स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में नया भारत विश्व पटल पर एक नई पहचान बना रहा है और जेवर का यह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट उसी संकल्प का साकार रूप है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की उड़ान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा और प्रदेश को वैश्विक एविएशन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 11-12 वर्षों में भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने विशेष रूप से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों और आपूर्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया आर्थिक अस्थिरता और बढ़ती महंगाई से जूझ रही है, तब भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू बनी हुई है। उन्होंने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कटौती के फैसले के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

सीएम योगी ने कहा कि 25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एयरपोर्ट की आधारशिला रखी थी और आज उसी परियोजना के प्रथम चरण का उद्घाटन भी उनके करकमलों से हो रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की कार्यशैली का उदाहरण बताते हुए कहा कि “जो शिलान्यास करते हैं, वही उद्घाटन भी करते हैं”, और यही विकास की वास्तविक गति है।

उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आधार बनेगा। यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इसके साथ ही यह परियोजना लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित करेगी। यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे तथा प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से इसकी कनेक्टिविटी प्रदेश को और अधिक गति प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास निवेश की अपार संभावनाएं पहले से ही आकार लेने लगी हैं। यहां सेमीकंडक्टर यूनिट, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा भविष्य में फिनटेक सिटी के निर्माण की दिशा में भी कार्य हो रहा है, जिससे पूरा एनसीआर निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकेगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एयरपोर्ट आधुनिक तकनीक और सतत विकास की अवधारणा पर आधारित है। इसमें सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, इन-फ्लाइट किचन फैसिलिटी, मल्टी मॉडल कार्गो हब, आधुनिक लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा संरक्षण जैसे तत्व शामिल किए जा रहे हैं। इससे उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना और आसान होगा।

उन्होंने किसानों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि इस परियोजना के लिए स्थानीय किसानों ने अपनी भूमि उपलब्ध कराकर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उचित मुआवजा और पुनर्वास योजनाओं से जोड़ा गया, जिसके परिणामस्वरूप यह परियोजना समय पर आगे बढ़ सकी। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और किसानों का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि आने वाले वर्षों में इस एयरपोर्ट के साथ कुल पांच रनवे विकसित किए जाएंगे, जिससे यह देश के सबसे बड़े और विश्वस्तरीय एयरपोर्ट्स में शामिल होगा। उन्होंने इसे “आत्मनिर्भर भारत और विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प का प्रमुख आधार बताया।

इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन का समापन “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ किया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।