टीबी उन्मूलन को मिली नई रफ्तार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लॉन्च किया 100 दिवसीय अभियान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/03/2026): विश्व क्षय रोग दिवस-2026 के अवसर पर ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने “100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान” की शुरुआत की। इस दौरान टीबी नियंत्रण से जुड़ी कई नई पहलों का भी शुभारंभ किया गया, जिनमें ‘टीबी मुक्त भारत ऐप (खुशी–e-निक्षय मित्र)’, ‘टीबी फ्री अर्बन वार्ड इनिशिएटिव’ और ‘निक्षय वाहन’ प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्री चंद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसका उद्देश्य टीबी मरीजों तक घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि भारत सरकार टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह 100 दिवसीय अभियान जनभागीदारी, तकनीकी नवाचार और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें और टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से टीबी की पहचान और उपचार पहले की तुलना में अधिक तेज और सटीक हो गया है। साथ ही ‘निक्षय पोषण अभियान’ के जरिए मरीजों को पोषण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर ब्रजेश पाठक ने प्रदेश में टीबी उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इसे जन-आंदोलन बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 से मार्च 2026 तक प्रदेश में 3 करोड़ 28 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जांच सुविधाओं को मजबूत करते हुए NAT मशीनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है और बड़ी संख्या में जांच अब आधुनिक तकनीक से की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों के जरिए दूरदराज क्षेत्रों में भी जांच सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उपचार की सफलता दर में भी सुधार हुआ है और इसे 92 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। आयुष्मान आरोग्य शिविरों के माध्यम से भी टीबी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक इस बीमारी को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने अभियान के तहत बड़े स्तर पर स्क्रीनिंग, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान टीबी जागरूकता से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए, जिनका जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया। इस मौके पर ‘टीबी विजेताओं’ ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने समुदाय में जागरूकता फैलाने और मरीजों की मदद करने में योगदान दिया।
समारोह में उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत का संकल्प भी दिलाया गया, जिसमें नागरिकों, संस्थाओं और संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाने का वचन लिया। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।यह आयोजन टीबी उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में सामने आया, जिसमें सरकार, समाज और तकनीक के समन्वय से इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।