24 मार्च को रामलीला मैदान में माकपा की विशाल रैली, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जनजागरण अभियान तेज
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/03/2026): मजदूरों, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली प्रस्तावित विशाल जन आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में व्यापक जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। यह रैली मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के आह्वान पर आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
रैली के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर में माकपा के साथ-साथ सीटू, जनवादी महिला समिति और किसान सभा की विभिन्न इकाइयों द्वारा गांवों, कॉलोनियों और औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान माइक प्रचार, पर्चा वितरण और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में एक औद्योगिक इकाई के पास आयोजित सभा को सीटू दिल्ली-एनसीआर के राज्य अध्यक्ष वीरेंद्र गौड़ ने संबोधित किया। उन्होंने सरकार की नीतियों को श्रमिकों और आम जनता के हितों के विपरीत बताते हुए कर्मचारियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में 24 मार्च की रैली में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें।

वहीं, सेक्टर-115 स्थित सोरखा नोएडा कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर स्थानीय लोगों ने संगठन के पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस मौके पर सीटू के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने अपने संबोधन में सम्राट अशोक के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अशोक का जीवन करुणा, शांति और सामाजिक न्याय का प्रतीक है, और आज के समय में इन मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान परिस्थितियों में संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा के अनमोल इंडस्ट्रीज परिसर में आयोजित सभा में सीटू जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव ने मजदूरों की समस्याओं को उठाते हुए रैली में भागीदारी का आह्वान किया। इसके अलावा नगला फेज-2 नोएडा तिराहे पर माकपा जिला सचिव रामसागर, गंगेश्वर दत्त शर्मा, रामस्वारथ, महिला नेता रेखा चौहान और गुड़िया देवी के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक और जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

जनसंपर्क अभियान के तहत जिले के कई अन्य इलाकों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 24 मार्च को दिल्ली पहुंचकर अपने अधिकारों की आवाज उठाने का संकल्प लिया।माकपा और उससे जुड़े संगठनों ने जिले के मजदूरों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुटता का प्रदर्शन करें और अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।