जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में ग्रेजुएशन डे 2026 का भव्य आयोजन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (20/03/2026): जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को ग्रेजुएशन डे समारोह 2026 बड़े ही उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। यह आयोजन नन्हे विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जहां उन्होंने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी अगली शैक्षिक यात्रा की ओर कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद छात्रों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। विशेष रूप से जिम्नास्टिक प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें विद्यार्थियों ने संतुलन, लचीलापन और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडुला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और आत्मनिर्भर नागरिक तैयार करना है जो जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि आज के ये नन्हे ग्रेजुएट्स जिस आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वह उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

समारोह में ग्रुप कैप्टन आनंद कुमार (वाइस प्रेसिडेंट) की प्रेरणादायक उपस्थिति भी रही। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, आत्मविश्वास और समग्र विकास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप-प्रधानाचार्या अनीता पिल्लई ने स्वागत संबोधन में विद्यालय की शैक्षिक सोच और नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप समग्र विकास की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रत्येक छात्र की क्षमता को पहचानकर उसे निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें डॉ. रुतुजा के. न्यायाधीश (कंसल्टेंट पीडियाट्रिशियन एवं नियोनेटोलॉजिस्ट), डॉ. निधि वसाडे (कंसल्टेंट गायनेकोलॉजिस्ट एवं ऑब्स्टेट्रिशियन), पल्लवी भारद्वाज (चेयरपर्सन, गौरी ग्रुप) और बुशरा आदिल रिज़वी (अतिरिक्त जिला न्यायाधीश, गौतम बुद्ध नगर) शामिल रहीं। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की सराहना की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “A Little Step Today, A Big Journey Tomorrow” थीम पर आधारित संगीतमय नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें विद्यार्थियों की सीखने से सफलता तक की यात्रा को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और खूब सराहना बटोरी।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद प्रस्तुत ग्रैंड फिनाले में ग्रेजुएशन डे सॉन्ग ने पूरे वातावरण को भावनाओं से भर दिया। इस दौरान अभिभावकों और शिक्षकों की आंखों में गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए यादगार पल बन गया, वहीं अभिभावकों के लिए गर्व और खुशी का अवसर रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।