एशिया की सबसे बड़ी कंप्यूटर मार्केट “नेहरू प्लेस मार्केट” की बदहाल स्थिति, ADCTA अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने बताई कड़वी सच्चाई!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (24 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अलग अलग विधानसभा क्षेत्र में समस्याओं और वादों पर चर्चा जारी है। एशिया की सबसे बड़ी कंप्यूटर मार्केट मानी जाने वाली नेहरू प्लेस मार्केट भी इन चुनावी चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है। यह बाजार कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में आता है, जिसकी विधायक वर्तमान में मुख्यमंत्री आतिशी हैं। इस बार इस सीट से भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस ने अलका लांबा को चुनावी मैदान में उतारा है। नेहरू प्लेस व्यापार संघ (ADCTA) के अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने बाजार की समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि यहां करीब 15,000 ऑफिस और दुकानें हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पानी की सप्लाई जैसी बुनियादी सुविधा नहीं होने के कारण व्यापारियों को प्राइवेट टैंकर माफिया से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ता है।
महेंद्र अग्रवाल ने टेन न्यूज़ से विशेष बातचीत में बताया कि नेहरू प्लेस की गंदगी एक गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री आतिशी का यह विधानसभा क्षेत्र है। वह अक्सर हल्दीराम में नाश्ता करने आती हैं, लेकिन उनके ठीक सामने स्थित सार्वजनिक टॉयलेट बेहद गंदा है। सफाई न होने के कारण लोग खुले में शौच के लिए मजबूर हैं। कई बार उन्हें इस बारे में अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि नेहरू प्लेस में आज तक पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। टॉयलेट की संख्या बेहद कम है, और जो हैं, वे मुख्य मार्केट से बाहर हैं। इससे महिलाओं और बुजुर्गों को भारी दिक्कत होती है।
महेंद्र अग्रवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से नेहरू प्लेस का आंशिक सौंदर्यीकरण हुआ है। एलजी ने 182 करोड़ रुपये का बजट नेहरू प्लेस के विकास के लिए आवंटित किया, जिससे ग्रेनाइट फर्श, ग्रील्स और बेहतर पार्किंग व्यवस्था बनाई गई। एक स्काईपार्क और मिनी थिएटर भी स्थापित किया गया है, लेकिन अब भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों ने मुख्यमंत्री बनने से पहले अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के नेहरू प्लेस में दिए गए भाषणों पर विश्वास किया था। उस समय उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को हल करने का वादा किया था। लेकिन आज भी बाजार में पानी, सफाई और टॉयलेट जैसी सुविधाओं की भारी कमी है।
उन्होंने यह भी कहा, हम देश के सबसे बड़े टैक्सपेयर हैं। GST कलेक्शन में हमारा मार्केट नंबर वन है। सरकार को यह करना चाहिए कि हमारे द्वारा दिए गए टैक्स का कम से कम 10% हमारे मार्केट के विकास पर खर्च हो। लेकिन आज तक हमारे मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
इस बार कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के वादों का इंतजार है। भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस ने अलका लांबा को मैदान में उतारा है। नेहरू प्लेस मार्केट की समस्याओं का समाधान करना किसी भी पार्टी के लिए प्राथमिकता होनी चाहिए। व्यापारियों की उम्मीदें इस बार उन वादों पर टिकी हैं, जो पानी, सफाई और बुनियादी सुविधाओं के सुधार के लिए किए जाएंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है और क्या वाकई इस बार इन समस्याओं का समाधान होगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।