“पापा विधायक हैं…” ओखला विधायक के बेटे की दबंगई, बाइक जब्त और 20 हजार का चालान
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (24 जनवरी 2025): दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है, और इस बीच ओखला विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा विधायक अमानतुल्लाह खान के बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक का बेटा दिल्ली पुलिस को खुलेआम धमकी देता नजर आ रहा है। घटना ओखला विधानसभा के नफीस रोड की बताई जा रही है।
दरअसल, जामिया नगर थाने के एसएचओ नरपाल सिंह यादव गुरुवार रात करीब 8:30 बजे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा, जिसकी बाइक में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर बाइक चालक को रोका और चालान करने की बात कही। बाइक चालक ने तुरंत पुलिस को फोन मिलाकर विधायक से बात कराने की कोशिश की और खुद को विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा अनस बताया।
पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात सुनते ही अनस ने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा, “आप मुझे गिरफ्तार करोगे न, गिरफ्तार करो। मैं लॉ का स्टूडेंट हूं, तुम मुझ पर मोटर व्हीकल एक्ट (MVA) के तहत चालान नहीं कर सकते।” पुलिस ने नियमों के तहत कार्रवाई करने की बात कही, जिसके बाद युवक ने बाइक छोड़ने और थाने न जाने की जिद पकड़ ली।
हालांकि, दिल्ली पुलिस की सख्ती के आगे उसे झुकना पड़ा और वह थाने जाने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने मौके पर ही 20,000 रुपये का चालान काटते हुए उसकी बाइक जब्त कर ली।
घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इस घटना ने चुनावी माहौल में नया विवाद खड़ा कर दिया है, जहां एक ओर विधायक परिवार पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की सख्ती की तारीफ हो रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।