नई दिल्ली (24 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनावों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज़ हो गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल की पंजाब पुलिस की सुरक्षा हटाए जाने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। आप नेता आतिशी ने इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर “केजरीवाल की जान से खेलने” का आरोप लगाया है।
आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “शर्मनाक! अमित शाह जी के इशारों पर दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा जबरन हटवा दी। और उसी दिन भाजपा के गुंडों ने हरिनगर में उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। क्या मोदी-शाह केजरीवाल की जान से खिलवाड़ करना चाहते हैं?” उन्होंने चुनाव आयोग की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए इसे “चिंताजनक” बताया।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि सुरक्षा हटाने का फैसला “भारत के चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस के निर्देशों” के बाद लिया गया। उन्होंने कहा, “हमें केजरीवाल और भगवंत मान को मिलने वाली धमकियों की रिपोर्ट मिलती रहती है, जिन्हें हम संबंधित एजेंसियों के साथ साझा करते हैं।” अरविंद केजरीवाल ने हरि नगर की घटना को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “आज मेरी जनसभा में विपक्षी उम्मीदवार के कुछ लोग घुस आए और मेरी गाड़ी पर हमला किया। यह सब अमित शाह के आदेश पर हो रहा है। दिल्ली पुलिस अब बीजेपी की निजी सेना बन गई है।”
बीजेपी ने AAP के आरोपों को खारिज करते हुए इसे चुनावी माहौल में “नाटक और प्रचार” बताया। पार्टी के प्रवक्ता ने कहा, “अरविंद केजरीवाल जानबूझकर ऐसे आरोप लगा रहे हैं ताकि जनता का ध्यान उनके शासन की विफलताओं से हट सके।” आप नेताओं ने चुनाव आयोग से इस मामले में दखल देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय स्तर के नेताओं पर बार-बार हमले हो रहे हैं और चुनाव आयोग मूकदर्शक बना हुआ है।”
चुनाव के नजदीक आते ही इस घटना ने दिल्ली की सियासत को और गर्म कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार इस विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।