गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के न्यायिक विज्ञान विद्यार्थियों का GIMS संग्रहालय में शैक्षणिक भ्रमण
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (14/03/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (Gautam Buddha University) के न्यायिक विज्ञान के विद्यार्थियों ने राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में स्थापित न्यायिक चिकित्साविज्ञान एवं विषविज्ञान संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को न्यायिक चिकित्साविज्ञान से जुड़े विभिन्न नमूनों, संरक्षित अवशेषों तथा विषविज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों की व्यावहारिक जानकारी देना था, जिससे वे अपने सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव के साथ और अधिक सुदृढ़ बना सकें।
भ्रमण के दौरान जिम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संग्रहालय में सुरक्षित रखे गए विभिन्न नमूनों तथा उनसे जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. अंजू रानी (सह आचार्य) तथा डॉ. अमित शर्मा (आचार्य एवं विभागाध्यक्ष) ने विद्यार्थियों को न्यायिक चिकित्साविज्ञान के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित अंगों, अस्थियों तथा विषविज्ञान से संबंधित सामग्री के न्यायिक महत्व को विस्तार से समझाया और बताया कि इनका उपयोग अपराधों की जांच तथा शव परीक्षण के दौरान किस प्रकार किया जाता है।
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक यादव (कनिष्ठ चिकित्सक) भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न नमूनों की वैज्ञानिक विशेषताओं तथा जांच प्रक्रिया में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी, जिससे विद्यार्थियों को न्यायिक जांच की कार्यप्रणाली को समझने में सहायता मिली।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विद्यालय की ओर से आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण में अधिष्ठाता प्रो. धनलक्ष्मी, विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा पुरिया, न्यायिक विज्ञान समन्वयक डॉ. नागेन्द्र तथा सहायक आचार्य डॉ. ललिता मेहरा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
यह अध्ययन भ्रमण न्यायिक विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करती हैं और चिकित्सा तथा न्यायिक विज्ञान के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।