हर जीव में परमात्मा को देखने का भाव ही अद्वैत का सच्चा संदेश: प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया’ | Ten Talks
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (11/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया’ ने अपने विचार साझा करते हुए भारतीय दर्शन और अध्यात्म के मूल संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विनम्रता के साथ कहा कि जीवन में उन्होंने जो भी कार्य किया है, वह स्वयं के प्रयास से नहीं बल्कि भगवान शिव की कृपा से संभव हुआ है और वे स्वयं को केवल एक माध्यम मानती हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें अपने जीवन में अद्वैतवाद और एकात्मवाद के संदेश के प्रचार-प्रसार का दायित्व मिला है और उसी उद्देश्य से वे शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “मैं प्रोफेसर बनी” कहना भी सही नहीं है, बल्कि यह कहना अधिक उचित होगा कि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपने संबोधन में उन्होंने भगवद्गीता के पांचवें अध्याय के 18वें श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा—
“विद्या विनय संपन्न ब्राह्मणे गवि हस्तिनि, शुनि चैव श्वपाके च पंडिताः समदर्शिनः।”
उन्होंने इस श्लोक का अर्थ समझाते हुए कहा कि सच्चा ज्ञानी वही है जो परम तत्व को हर जीव में समान रूप से देखता है। वह न केवल मनुष्य में बल्कि ब्राह्मण, शूद्र, गाय, हाथी और यहां तक कि एक कुत्ते में भी उसी परमात्मा के स्वरूप को पहचानता है। प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया’ ने कहा कि अद्वैत वेदांत का मूल संदेश यही है कि मानव अपने भीतर मैत्री, करुणा और विश्वबंधुत्व की भावना विकसित करे। यह भावना केवल मनुष्य तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि हर जीव-जंतु के प्रति समान रूप से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी जीव के प्रति हमारी दृष्टि में थोड़ा सा भी भेदभाव है, तो इसका अर्थ है कि हम अद्वैत के सच्चे अर्थ को नहीं समझ पाए हैं। उनके अनुसार जब भी किसी जीव को हमारी आवश्यकता हो, चाहे वह मनुष्य हो, पशु हो या कोई अन्य प्राणी, हमें उसकी सेवा उसी भाव से करनी चाहिए जैसे हम भगवान की सेवा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब मनुष्य स्वयं को पूरे संसार में और पूरे संसार को स्वयं में देखने लगता है, वही स्थिति वास्तविक मुक्ति की होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुक्ति किसी दूर स्थान या किसी धाम में नहीं, बल्कि मनुष्य की दृष्टि और चेतना में निहित है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने ईशावास्य उपनिषद के प्रसिद्ध श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा—
“ईशावास्यमिदं सर्वं यत्किञ्च जगत्यां जगत्, तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्यस्विद्धनम्।”
उन्होंने कहा कि इस श्लोक का अर्थ यह है कि इस संसार में जो कुछ भी है, उसमें परम तत्व विद्यमान है। यदि मनुष्य उस परम सत्य को जानना चाहता है तो उसे संग्रह और आसक्ति के बजाय त्याग और समभाव के मार्ग को अपनाना होगा। अपने संबोधन का समापन उन्होंने “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ किया।
इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया'(प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि “टेन टॉक्स” जैसे संवादात्मक मंच समाज में सकारात्मक विचार-विमर्श को बढ़ावा देंगे और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।