Noida International Airport: शासन तैयार, फिर क्यों अटकी किसानों के युवाओं की नौकरी?
टेन न्यूज नेटवर्क,मेघा राजपूत,संवाददाता
Jewar News (11/03/2026): जेवर में बन रहे एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुभारंभ जल्द होने वाला है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने में यहां के किसानों की बड़ी भूमिका रही है, जिन्होंने अपनी जमीन देकर विकास का रास्ता खोला। सरकार की ओर से किसानों को मुआवजा दिया गया और साथ ही प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं को रोजगार देने का अहम वादा भी किया गया था।
एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख नजदीक आते ही एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में है कि आखिर प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं को अब तक नौकरी क्यों नहीं मिल पाई। सरकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासन सभी रोजगार देने की बात कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि देरी की असली वजह क्या है? क्या यह सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है या फिर कहीं स्थानीय बिचौलियों की भूमिका भी सामने आ रही है? यह भी चर्चा है कि कुछ बिचौलिये अपनी राजनीति चमकाने के लिए युवाओं को भटका रहे हैं, जिससे रोजगार प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
बताया जाता है कि इस परियोजना के दौरान करीब 344 किसानों ने मुआवजे में 5 लाख रुपये की कटौती स्वीकार की थी। उस समय यह आश्वासन दिया गया था कि जिन किसान परिवारों ने अपनी जमीन एयरपोर्ट परियोजना के लिए दी है, उनके युवाओं को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाएगा। हालांकि एयरपोर्ट का उद्घाटन अब करीब है, लेकिन कई प्रभावित परिवारों के युवाओं को अभी तक नौकरी नहीं मिल सकी है, जिससे असंतोष और सवाल दोनों बढ़ रहे हैं।
इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चेयरमैन राकेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारियों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है और अब यह प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही एक ठोस व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे प्रभावित परिवारों के युवाओं को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और उससे जुड़ी अन्य परियोजनाओं में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि जेवर क्षेत्र के किसान केवल जमीन देने तक सीमित न रहें, बल्कि इस ऐतिहासिक परियोजना के भागीदार भी बनें।
वहीं यमुना प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही है और प्रभावित किसानों के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार जल्द से जल्द नौकरी दिलाने के लिए प्राधिकरण पूरी तरह प्रयासरत है।
हालांकि अब भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि सभी रोजगार दिलाने की बात कर रहे हैं, तो फिर नौकरियां मिलने में देरी क्यों हो रही है? क्या यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है या फिर कहीं बिचौलियों की भूमिका भी इसमें बाधा बन रही है? यह सवाल अब क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस मुद्दे पर आप अपनी राय हमारे कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।