कार की EMI को लेकर विवाद में बेटे ने पिता की ली जान, नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (08/03/2026): थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में मिले एक व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके ही बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की किस्त को लेकर हुए विवाद में बेटे ने पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार 1 मार्च को एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान यमुना डूब क्षेत्र निवासी राकेश के रूप में हुई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि राकेश ने अपने बेटे सतेंद्र कुमार को ईएमआई पर एक कार दिलाई थी। सतेंद्र उस कार को चलाकर उसकी किस्त भरता था। 28 फरवरी को कार की किस्त जमा करनी थी। इसी को लेकर राकेश ने अपने बेटे से पैसे की मांग की थी।
पैसों को लेकर पिता-पुत्र के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आए सतेंद्र ने पास में पड़ी ट्रैक्टर से जोड़ने वाली पतली लोहे की पिन रॉड उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण राकेश लहूलुहान होकर गिर पड़े और अधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सतेंद्र मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता गिंदर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसे छपरौली लेबर चौक, सेक्टर-168 के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।