गंदे पानी की सप्लाई से परेशान अल्फा-2 के निवासी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से जल्द समाधान की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07 मार्च 2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 में खराब पानी की आपूर्ति के कारण स्थानीय निवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सप्लाई के पानी में सीवर जैसी दुर्गंध और बदबू आ रही है, जिससे पीने के पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ने लगी हैं।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में सेक्टर अल्फा-2, ब्लॉक-1 के निवासी निहार रंजन बिस्वास (I-262) ने बताया कि पिछले कुछ समय से सुबह और शाम के समय सप्लाई होने वाला पानी बेहद खराब गुणवत्ता का आ रहा है। उन्होंने कहा कि अल्फा-2 ग्रेटर नोएडा का सबसे पुराना सेक्टर है और यहां पानी की आपूर्ति के लिए पहले लोहे की जीआई पाइपलाइन का इस्तेमाल किया गया था। समय के साथ ये पाइपलाइन जंग खाकर कमजोर हो चुकी हैं और कई स्थानों पर इनमें रिसाव भी हो रहा है।
निवासियों का आरोप है कि कई जगहों पर सीवर का पानी पाइपलाइन के पास बहता रहता है, जिससे पाइपों के जरिए सप्लाई होने वाला पानी दूषित होने की आशंका बढ़ जाती है। कई बार सप्लाई के पानी से सीवर जैसी तेज दुर्गंध भी आती है, जिससे लोगों को पानी इस्तेमाल करने में दिक्कत हो रही है और क्षेत्र में अस्वस्थ माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण से मांग की है कि सेक्टर की पुरानी और जर्जर पाइपलाइन को जल्द से जल्द बदला जाए तथा साफ और सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित स्वास्थ्य संकट से बचा जा सके।
इस संबंध में टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। जैसे ही अधिकारियों की प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।