300 बेड के केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन, सीएम योगी बोले— सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय हो स्वास्थ्य सेवा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (05 March 2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा (वेस्ट) के सेक्टर-10 में 300 बेड वाले केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का विधिवत उद्घाटन किया। रिबन काटकर अस्पताल का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने यहां उपलब्ध अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। यह अस्पताल एनसीआर क्षेत्र में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने और तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाकों में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह अस्पताल 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता द्वारा स्थापित किया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कपिल देव और सुनील कुमार गुप्ता सहित पूरे केडीएसजी समूह को इस अस्पताल की स्थापना के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में इस अत्याधुनिक अस्पताल के शुरू होने से न केवल गौतम बुद्ध नगर बल्कि आसपास के जिलों और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। वर्तमान में लगभग 60 करोड़ से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य है। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 60 लाख से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे पात्र व्यक्ति किसी भी सूचीबद्ध सरकारी या निजी अस्पताल में निःशुल्क इलाज करा सकता है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा की असली परिभाषा केवल आधुनिक सुविधाओं से नहीं बल्कि सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय सेवाओं से तय होती है। मरीज जब डॉक्टर के पास आता है तो वह विश्वास के साथ आता है। डॉक्टर का व्यवहार और सेवा भाव मरीज के मनोबल को बढ़ाता है और कई बार अच्छा व्यवहार ही मरीज की आधी बीमारी दूर कर देता है। स्वास्थ्य सेवा में दवा और दुआ दोनों का समान महत्व है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 तक देश में केवल 6 एम्स कार्यरत थे, जबकि आज देशभर में 23 एम्स और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान स्थापित हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन हुआ है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” के लक्ष्य के साथ प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि केडीएसजी समूह भविष्य में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करना चाहता है तो प्रदेश सरकार उसका भी स्वागत करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि 300 बेड के इस अस्पताल से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 1000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिनमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन और अन्य कर्मचारी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के साथ-साथ राज्य सरकार ने बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षामित्रों और अन्य कर्मचारियों को भी 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा पात्रता से बाहर रहने वाले जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले एक वर्ष में राहत कोष से लगभग 1300 करोड़ रुपये की सहायता मरीजों को प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। गौतम बुद्ध नगर में जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर शुरू होने जा रहा है, जो भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इसके साथ ही मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, मेडिकल डिवाइस पार्क और कई औद्योगिक परियोजनाएं इस क्षेत्र को विकास की नई दिशा दे रही हैं।

इस अवसर पर कपिल देव ने कहा कि केडीएसजी की स्थापना इस विश्वास के साथ की गई है कि स्वास्थ्य सेवाएं आदर्श, सुलभ और पूरी तरह मरीज केंद्रित होनी चाहिए। ग्रेटर नोएडा को ऐसी संस्था की जरूरत थी और आज इस सपने को साकार होते देख गर्व महसूस हो रहा है।
यह अस्पताल कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर मेडिसिन जैसे चार प्रमुख सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर आधारित है। अस्पताल में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मल्टी-स्पेशियलिटी आईसीयू, कैथेटराइजेशन लैब, इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर के साथ रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन से जुड़ी आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और पीडियाट्रिक्स सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं भी यहां उपलब्ध होंगी।
अस्पताल का संचालन अजींक्य डीवाई पाटिल हेल्थकेयर द्वारा किया जाएगा, जो चार दशकों के अनुभव और मजबूत क्लीनिकल गवर्नेंस सिस्टम के साथ इस परियोजना का प्रबंधन करेगा।
इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित पुलिस, जिला प्रशासन और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।