“बीमारी पाकिस्तान है और डॉक्टर कपिलदेव, देखते ही आधा बीमारी ठीक”: सीएम योगी | KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (05 March 2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हवन- पूजन कर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम को पहला विश्व कप दिलाने वाले दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, गौतम बुद्ध नगर प्रभारी बृजेश सिंह, प्रमोटर सुनील कुमार गुप्ता और डॉ. अजिंक्य डीवाई पाटिल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय क्रिकेट जगत के गौरव और विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रहे कपिल देव के स्वास्थ्य क्षेत्र में कदम रखने पर उन्हें और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से न केवल इस जनपद के लोगों को बल्कि पूरे एनसीआर के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जब तक निजी क्षेत्र की भागीदारी नहीं होगी तब तक हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है और इस योजना के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है। लाखों लोगों ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाए हैं और किसी भी पैनल्ड अस्पताल में जाकर इसका लाभ ले सकते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए ताकि लोगों को सही, सस्ती और विश्वसनीय उपचार सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि जब कोई मरीज अस्पताल आता है तो वह विश्वास के साथ आता है, ऐसे में पैसा नहीं बल्कि विश्वास सबसे महत्वपूर्ण होता है। मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में कहा कि जैसे कपिल देव जब भारतीय टीम के कप्तान थे तो पाकिस्तान आधा मैच पहले ही हार जाता था, ठीक वैसे ही यदि बीमारी को पाकिस्तान और डॉक्टर को कपिल देव मान लिया जाए तो मरीज की बीमारी आधी तो वैसे ही ठीक हो जाती है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र की प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्था डी.वाई. पाटिल ग्रुप ने KDSG सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के साथ मिलकर इस अस्पताल को संचालित करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने कपिल देव, सुनील गुप्ता और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए अन्य जिलों में भी इस समूह से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने का आग्रह किया और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज संचालित थे, लेकिन आज 75 जिलों में “वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज” के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए कुल 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से सैकड़ों लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। यह न केवल सेवा का माध्यम बनेगा बल्कि कई परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद करेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और रसोइयों को भी 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा देने का निर्णय लिया है। जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाती है और हाल ही में प्रदेश भर में लगभग 1300 करोड़ रुपये जरूरतमंदों को दिए गए हैं।

सीएम योगी ने प्रदेश के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की चर्चा होती थी, लेकिन आज “वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” जैसी योजनाएं लागू हैं। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक कंपोनेंट, कार्गो और लॉजिस्टिक का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

वहीं, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कपिल देव ने क्रिकेट के क्षेत्र में भारत का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाया है और उनका स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान सराहनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कुशल प्रशासक, विकासपुरुष और अपराधियों के मन में भय पैदा करने वाला नेता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और 2047 के विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका होगी।

डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पहले जहां उद्योग प्रदेश से पलायन कर रहे थे, वहीं अब देश और दुनिया के उद्यमी विशेष रूप से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों और बेहतर कानून व्यवस्था को श्रेय दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की टीम को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।।

प्रख्यात उद्घोषिका, टीवी प्रस्तोता एवं फिल्म निर्माता शिल्पा भावना ने अपने विलक्षण शैली में अत्यंत गरिमामय एवं प्रभावोत्पादक ढंग से मंच का संचालन किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।