हिंदी में होगा सरकारी कामकाज तो बढ़ेगा भरोसा और पहुंच: क्षेत्रीय आयुक्त वैभव सिंह
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (27/02/2026): ग्रेटर नोएडा में 27 फरवरी 2026 को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) द्वारा उत्तरी क्षेत्र राजभाषा सम्मेलन–2026 का आयोजन ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य राजभाषा हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना, सरकारी कार्यालयों में हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा राजभाषा नीति के सफल अनुपालन के लिए विभिन्न कार्यालयों के अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना रहा। इसमें उत्तरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के क्षेत्रीय कार्यालयों से अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए और हिन्दी के अधिकतम उपयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई, जिससे कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी को और मजबूत बनाने की दिशा में ठोस पहल मानी जा रही है।
क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय आयुक्त वैभव सिंह ने टेन न्यूज से बातचीत में बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में यह सम्मेलन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा द्वारा भारत सरकार के राजभाषा संबंधी निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करना रहा।
उन्होंने जानकारी दी कि EPFO के उत्तरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख अंचल के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों से अधिकारियों एवं हिंदी अधिकारियों को सम्मेलन में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में इस बात पर विस्तृत चर्चा की गई कि सरकारी कामकाज, पत्राचार और योजनाओं के प्रचार-प्रसार में हिंदी भाषा का अधिकाधिक उपयोग कैसे सुनिश्चित किया जाए।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बख्शी रहे, जो उत्तर प्रदेश अंचल के प्रमुख हैं। उनके साथ EPFO मुख्यालय से क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (प्रथम) आलोक यादव भी उपस्थित रहे, जो विभाग के प्रचार-प्रसार से जुड़े हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय कार्यालय नोएडा के आयुक्त सुयेश पांडे, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के क्षेत्रीय आयुक्त कृष्ण प्रताप सिंह, गौतम बुद्ध नगर की नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नारकास) की सचिव तथा गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की एक सहायक प्राध्यापिका भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
वैभव सिंह ने बताया कि चर्चा का मुख्य बिंदु यह रहा कि राजभाषा हिंदी आम जनमानस की भाषा है और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक उनकी भाषा में पहुँचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि EPFO की योजनाएं जैसे भविष्य निधि, पेंशन योजना और बीमा संबंधी प्रावधान देश के कर्मचारियों और श्रमिक वर्ग की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी हैं, इसलिए इन योजनाओं की जानकारी सरल हिंदी में उपलब्ध कराना जरूरी है ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि EPFO का मूल उद्देश्य श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है, और विभाग के कार्यों व योजनाओं का क्रियान्वयन राजभाषा हिंदी में किए जाने से सेवा वितरण की प्रक्रिया अधिक सुगम और प्रभावी बन सकती है। सम्मेलन में इस दिशा में ठोस प्रयासों और समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।