GREATER NOIDA News (26/02/2026): ग्रेटर नोएडा में ई-रिक्शा एजेंसी संचालक नितिन नागर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीते फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद खुद को बचाने और पीड़ित साबित करने के लिए जीते ने अपने ही पैर में गोली मार ली थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र उर्फ जीते ने नितिन नागर को पहले गोली मारी और फिर चाकू से गर्दन पर कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने एक दोस्त के घर में जाकर छिप गया। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से उसकी गतिविधियों की पुष्टि हुई है। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी के छिपने वाले स्थान के बाहर खून के निशान मौजूद थे, जिससे उसके दावों पर संदेह और गहराता चला गया।
जांच में पुलिस को यह अहम तथ्य भी मिला कि आरोपी को जो गोली लगी थी, वह किसी अन्य ने नहीं बल्कि उसने खुद ही अपने पैर पर चलाई थी। इसका उद्देश्य खुद को हमले का शिकार दिखाना और कानूनी शिकंजे से बचना था। इसके बाद उसने खुद को ओमेगा-1 स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती करा दिया।
मामले को और उलझाने की कोशिश करते हुए आरोपी की ओर से एक वकील के माध्यम से सूरजपुर कोर्ट में याचिका भी दाखिल कराई गई। याचिका में दावा किया गया कि मृतक कारोबारी के परिजनों ने साजिश के तहत फायरिंग कराई है और आरोपी की जान को खतरा है। पुलिस का कहना है कि यह पूरी कवायद अदालत को भ्रमित करने और खुद को निर्दोष साबित करने की सुनियोजित रणनीति थी।
सीसीटीवी और सर्विलांस से खुली साजिश
पुलिस द्वारा की गई सर्विलांस जांच और सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वारदात के बाद भागते हुए और सह-आरोपियों के संपर्क में आते हुए साफ नजर आया। फुटेज में वह घटनास्थल के आसपास सक्रिय दिखाई दिया, जिससे उसके बयान पूरी तरह झूठे साबित हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस वारदात में विपिन उर्फ कल्ला और सचिन ने भी फायरिंग की थी, जबकि जीते ने गोली चलाने के साथ-साथ चाकू से हमला किया। वहीं एक अन्य आरोपी विशाल अभी फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार मोनू और कांबिंग ऑपरेशन में पकड़े गए राजेश पुत्र मुकुट तथा नितिन पुत्र अतर सिंह को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं अस्पताल में भर्ती मुख्य आरोपी जीते की गिरफ्तारी के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की गई है। पुलिस का कहना है कि उसे हिरासत में लेकर जेल भेजने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। साथ ही अदालत को गुमराह करने के प्रयास को लेकर भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, नितिन नागर के शरीर में तीन गोलियां लगी थीं और गर्दन पर चाकू के कई गहरे घाव पाए गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण शरीर में गंभीर शॉक की स्थिति बनी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में सुधीर कुमार, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा ने बताया कि हत्याकांड की जांच लगातार जारी है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।