कम प्रीमियम इंश्योरेंस और सस्ता लोन: ‘भारत टैक्सी’ ड्राइवरों के लिए अमित शाह का बड़ा ऐलान
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (23 फरवरी 2026): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने सोमवार को सहकारी क्षेत्र की देश की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) से जुड़े ड्राइवरों के साथ संवाद करते हुए कई अहम घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिन-रात मेहनत करने वाले कैब मालिकों को सशक्त बनाना है, न कि किसी कंपनी या बड़े मालिक को धनी बनाना। इस दौरान उन्होंने बताया कि अब तक करीब 2.5 लाख ड्राइवर ‘भारत टैक्सी’ से जुड़ चुके हैं।
अमित शाह ने कहा कि जो लोग कैब सर्विस में अपनी गाड़ी स्वयं चला रहे हैं, वही असली मालिक हैं। अभी वे जो किराया कमा रहे हैं, वह पूरी तरह उनका है। इसके अलावा ‘भारत टैक्सी’ को कंपनी के रूप में जो मुनाफा होगा, उसमें भी ड्राइवरों को हिस्सा मिलेगा। उन्होंने ड्राइवरों से अपील की कि वे कम से कम तीन साल तक धैर्य रखें, क्योंकि इस मॉडल के तहत उन्हें दीर्घकालिक लाभ मिलने वाला है।
मंत्री ने उदाहरण देकर समझाया कि इस योजना में ड्राइवरों को मात्र 500 रुपये का निवेश करना है। तीन वर्षों के बाद यदि ‘भारत टैक्सी’ 25 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाती है, तो उसमें से 20 प्रतिशत राशि ड्राइवरों की पूंजी के रूप में कंपनी के खाते में जमा होगी, जबकि शेष 80 प्रतिशत राशि उनके काम के आधार पर सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
अमित शाह ने यह भी बताया कि भविष्य में ‘भारत टैक्सी’ के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चुनाव में कैब ड्राइवरों के लिए कुछ सीटें आरक्षित की जाएंगी, ताकि वे अपने हितों की रक्षा स्वयं कर सकें। इसके साथ ही ड्राइवरों को को-ऑपरेटिव बैंक से लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें उनकी गाड़ी ही मॉर्गेज के रूप में मानी जाएगी।
इंश्योरेंस के मोर्चे पर भी ड्राइवरों को राहत देने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि IFFCO Tokio General Insurance के माध्यम से ड्राइवरों का बीमा कराया जाएगा, जिसका प्रीमियम बाजार दरों की तुलना में काफी कम होगा।
कुल मिलाकर, ‘भारत टैक्सी’ मॉडल के जरिए सरकार ड्राइवरों को मालिकाना हक, मुनाफे में हिस्सेदारी, सस्ता लोन और कम प्रीमियम बीमा जैसी सुविधाएँ देने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, इन सभी प्रावधानों को पूरी तरह लागू होने में कुछ समय लगेगा, इसलिए ड्राइवरों को धैर्य रखने की सलाह दी गई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।