Greater Noida News (23/02/2026): शादी समारोह में खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने माहौल को गमगीन बना दिया। रबूपुरा क्षेत्र के महमदपुर गांव में बरात की चढ़त के दौरान बैंड-बाजे के साथ झूमर लाइट पकड़कर खड़ा एक किशोर जनरेटर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा शनिवार रात उस समय हुआ, जब दादरी के मकोड़ा गांव से आई बरात महमदपुर गांव निवासी पप्पू की पुत्री के विवाह में चढ़त कर रही थी। बरात में बैंड-बाजे के साथ झूमर लाइट थामे चल रहा किशोर अचानक तार कटने के कारण जनरेटर की बिजली की चपेट में आ गया और वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद बरातियों और बैंड कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय उजैव के रूप में हुई है, जो रबूपुरा के मोहल्ला गांधी नगर का निवासी था। वह कक्षा आठवीं का छात्र था और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी करता था। जानकारी के अनुसार, उजैव बैंड-बाजे के साथ झूमर लाइट पकड़ने का काम करता था, जिसके बदले उसे लगभग 400 रुपये मेहनताना मिलता था।
परिवार के अनुसार, उजैव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई कस्बे में परचून की दुकान पर काम करता है, जबकि दूसरा भाई अनाज मंडी में पल्लेदारी कर परिवार का सहारा बना हुआ है। आर्थिक तंगी के चलते उजैव भी कम उम्र में काम करने को मजबूर था।हादसे के बाद साथी बैंड कर्मी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।
बताया गया है कि इस घटना को लेकर पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी समारोहों में जनरेटर और अस्थायी बिजली व्यवस्था में लापरवाही अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनती है। यह घटना एक बार फिर विवाह समारोहों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।