पूर्व AAP विधायक अवतार सिंह कालका ने थामा BJP का दामन, बोले- ‘अब बदलाव का समय आ गया है’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (20 जनवरी 2025): आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक अवतार सिंह कालका ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अवतार सिंह कालका, जो अब तक आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे, औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए। इस अवसर पर कालकाजी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी भी मौजूद रहे।
अवतार सिंह कालका का राजनीतिक सफर
अवतार सिंह कालका ने आम आदमी पार्टी से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वे जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता माने जाते हैं, जिन्होंने कालकाजी क्षेत्र में पानी, बिजली, स्वच्छता और झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास जैसे कई जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी। उनके समर्थक उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखते रहे हैं, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं।
बीजेपी में शामिल होने के बाद अवतार सिंह कालका का बयान
बीजेपी में शामिल होने के बाद अवतार सिंह कालका ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पिछले पांच वर्षों में कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में विकास पूरी तरह ठप पड़ा रहा। आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता से कई वादे किए, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। सड़कों की हालत खस्ता है, गोविंदपुरी क्षेत्र की स्थिति दयनीय हो चुकी है। लेकिन अब चुनाव आते ही नेता जनता के बीच पहुंचने लगे हैं। जनता अब इन झूठे वादों में नहीं फंसने वाली।”
उन्होंने आगे कहा, “रमेश बिधूड़ी को खुद कालका माता ने बुलाया है ताकि इस क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्य पूरे किए जा सकें। कालकाजी मंदिर और लोटस टेंपल जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, जिसे अब दूर करने का समय आ गया है। यह चुनाव रमेश बिधूड़ी नहीं, बल्कि हम सब मिलकर लड़ रहे हैं।”
बीजेपी और रमेश बिधूड़ी की सराहना
अवतार सिंह कालका ने बीजेपी के एजेंडे और नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो वास्तव में विकास और सुशासन की राजनीति करती है। उन्होंने कहा, “रमेश बिधूड़ी मेहनती नेता हैं, जनता उनकी बात सुनती भी है। उनकी बातें कुछ लोगों को कड़वी लग सकती हैं, लेकिन वे हमेशा सच बोलते हैं। हमें ऐसे ही सच्चे नेताओं की जरूरत है, जो वास्तव में जनता की भलाई के लिए काम करें।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से अपील करते हुए कहा, “अब बदलाव का समय आ गया है। कालकाजी विधानसभा में विकास को नई दिशा देने के लिए हमें भाजपा को मजबूत करना होगा और रमेश बिधूड़ी को भारी बहुमत से विजयी बनाना होगा।”
कार्यक्रम के दौरान अवतार सिंह कालका और उनके समर्थकों का भाजपा में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के लिए एक बड़ी सफलता बताया। कालका ने भरोसा जताया कि भाजपा की जीत निश्चित है और आने वाले समय में कालकाजी विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।।
भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कालका जी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के साथ भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश का विकास तभी संभव होगा जब गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठेगा और उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में संकल्प लिया था कि समाज के हर वर्ग का उत्थान होगा, और इसी सोच के तहत विभिन्न योजनाओं को लागू किया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अपराधी को भी सुधारने का अवसर दिया जाता है, तो समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने और जीवन संवारने का मौका मिलना चाहिए।
बिधूड़ी ने आगे कहा कि सरकार गरीबों को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन दिल्ली में राज्य सरकार की नीतियों के कारण कई योजनाएं लागू नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां अन्य राज्यों में हर घर को नल से जल मिल रहा है, वहीं दिल्ली इससे वंचित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में लागू किया जाएगा। बिधूड़ी ने भाजपा की संभावित जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी 40 से 52 सीटें जीतेगी और लोगों ने तय कर लिया है कि इस बार भाजपा को लाना है। उन्होंने अवतार सिंह कालका का भाजपा में शामिल होने पर भी उनका स्वागत किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।