थाना सेक्टर-24 पुलिस और नकबजन गैंग के बीच मुठभेड़, चार आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (20 जनवरी 2025): थाना सेक्टर-24 पुलिस और सक्रिय नकबजन गैंग के बीच आज सुबह एक बड़ी मुठभेड़ हुई। पुलिस ने इस घटना में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।

थाना सेक्टर-24 पुलिस सुबह चौड़ा गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने सेक्टर-54 टी-पॉइंट पर दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर सवार और दो अन्य को पैदल बातचीत करते हुए देखा। इनकी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के रुकने का इशारा करते ही मोटरसाइकिल सवार बदमाश भागने लगे। भागते समय उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई, लेकिन इसके बावजूद वे भागने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जिसे तत्काल पुलिस ने काबू में कर लिया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान:

घायल बदमाश की पहचान जाहर सिंह (पुत्र अंबहादुर, निवासी बुद्धि गंगा, जिला बाजुरा, नेपाल) के रूप में हुई है। उसके साथ मोटरसाइकिल सवार दूसरे आरोपी, दीपक गिरी उर्फ़ दम बहादुर (पुत्र धन गिरी, निवासी बुद्धि नंदा, जिला बाजुरा, नेपाल) को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, दो अन्य बदमाश – झरेंद्र (पुत्र गोपाल, निवासी धनगढ़ी, जिला कैलाली, नेपाल) और विनोद थापा (पुत्र वीर बहादुर थापा, निवासी त्रिवेणी नगर, जिला बाजुरा, नेपाल) – को पुलिस ने कांबिंग ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया।

बरामदगी और हथियार:

गिरफ्तार बदमाशों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल (DL7SAX1577), 2 अवैध तमंचे (सहित 1 खोखा, 1 मिस और 2 जिंदा कारतूस), 2 चाकू, 1 सब्बल, 1 पेचकस और चोरी के 40,000 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी शातिर अपराधी हैं, जो घूम-घूमकर मकान और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।