पीएम मोदी से मुलाकात के बाद बदली भारतीय हस्तशिल्प की रणनीति: EPCH चैयरमैन डॉ. नीरज खन्ना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (13/01/2026): दो महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से हुई अहम मुलाकात को Export Promotion Council for Handicrafts (EPCH) के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने भारतीय हस्तशिल्प उद्योग के लिए “गेम चेंजर” बताया है। उनका कहना है कि इस बैठक के बाद भारतीय ब्रांड को सीधे वैश्विक बाजार में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।

इसी नई रणनीति के तहत 14 से 18 फरवरी 2026 तक ग्रेटर नोएडा के India Expo Centre and Mart में 61वां IHGF दिल्ली फेयर – स्प्रिंग 2026 आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. नीरज खन्ना ने पीएम के साथ हुई चर्चा के प्रमुख बिंदुओं को साझा किया।

पीएम से हुई बैठक का क्या असर?

चैयरमैन डॉ. नीरज खन्ना (Chairman Dr. Neeraj Khanna) ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ बैठक में टैरिफ से जुड़ी समस्याओं, “जस्ट इन टाइम” सप्लाई मॉडल और विदेशों में वेयरहाउस स्थापित करने पर चर्चा हुई। खास तौर पर भारतीय उत्पादों को अपने ब्रांड नाम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारने की रणनीति पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह मॉडल काफी पसंद आया और उन्होंने इसे तुरंत लागू करने की बात कही। बैठक में वित्त, वाणिज्य और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी मौजूद थे। पीएम के सुझाव के बाद EPCH ने यूरोप में नीदरलैंड सहित पाँच वेयरहाउस शुरू किए हैं, जबकि अमेरिका में भी एक वेयरहाउस पहले से संचालित हो रहा है।

“ब्रांड तभी मजबूत होगा, जब कारीगर मजबूत होगा”

टेन न्यूज़ नेटवर्क के सवाल पर डॉ. नीरज खन्ना ने माना कि किसी भी ब्रांड की पहचान उसके उत्पाद की गुणवत्ता से बनती है, और गुणवत्ता कारीगरों की दक्षता पर निर्भर करती है।

नीरज खन्ना ने बताया कि EPCH डिज़ाइन क्लीनिक, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और प्रशिक्षण कार्यशालाओं के माध्यम से कारीगरों को आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों के अनुसार तैयार कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें भी इस दिशा में सक्रिय सहयोग दे रही हैं, ताकि भारतीय हस्तशिल्प विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सके।

छत्तीसगढ़ के कारीगरों को विशेष मौका

डॉ. नीरज खन्ना ने बताया कि हाल ही में छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद वहां के कारीगरों को भी IHGF फेयर में प्रतिनिधित्व देने का निर्णय लिया गया।

सरकार की मदद से कारीगरों को मंच दिया जाएगा और EPCH उनकी पूरी तैयारी करवा रहा है—जैसे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से बातचीत कैसे करें, उत्पाद की सही कीमत कैसे तय करें और प्रस्तुति कैसे बेहतर बनाएं।

IHGF फेयर क्यों है खास?

IHGF दिल्ली फेयर दुनिया के बड़े हस्तशिल्प मेलों में गिना जाता है। यहां देश-विदेश के खरीदार, निर्यातक और डिजाइनर एक मंच पर आते हैं। इस बार का आयोजन केवल एक ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि भारतीय ब्रांड को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है—जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात के बाद और तेज़ हो गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।