Noida News (09/02/2026): नोएडा के डूब क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों ने बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र की करीब 40 कॉलोनियों के निवासी भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे और पैदल मार्च करते हुए सेक्टर-16 स्थित बिजली घर की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर बिजली मुहैया कराने की मांग प्रमुखता से लिखी हुई थी।
इस विरोध मार्च में किसानों के साथ-साथ महिलाएं, बुजुर्ग और युवा भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी बिजली घर पहुंचकर धरने पर बैठने की तैयारी में हैं। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। हरौला बारात घर से लेकर सेक्टर-16 बिजली घर तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खिलाफ ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि जिले में निवास करने वाले हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं देना विद्युत निगम की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डूब क्षेत्र में बसे लाखों लोग वर्षों से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं, जबकि वे भी अन्य क्षेत्रों की तरह टैक्स और शुल्क अदा करते हैं।
सुखबीर खिलाफ का कहना है कि बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, छोटे व्यवसाय ठप पड़े हैं और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक डूब क्षेत्र की कॉलोनियों में स्थायी रूप से बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। अब मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता की संभावना जताई जा रही है। डूब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इस प्रदर्शन के बाद उनकी वर्षों पुरानी मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।