नोएडा में 12वीं के छात्र ने 32वीं मंजिल से कूदकर दी जान

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (09/02/2026): नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सेक्टर-168 स्थित सनवर्ल्ड अरिस्टा सोसायटी में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने ऊंची इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक छात्र की पहचान आर्यन प्रधान के रूप में हुई है, जो दिल्ली के साकेत इलाके में स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 का विद्यार्थी था। आर्यन अपने परिवार के साथ सनवर्ल्ड अरिस्टा सोसायटी के एक टावर की 10वीं मंजिल पर रहता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पढ़ाई से जुड़े मानसिक दबाव में था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को आर्यन का स्कूल में प्रैक्टिकल था। दोपहर करीब एक बजे वह स्कूल से घर लौटा, लेकिन अपने टावर में जाने के बजाय वह सोसायटी के टावर नंबर-10 में चला गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में आर्यन को लिफ्ट से ऊपरी मंजिल की ओर जाते हुए देखा गया है। फुटेज में वह हाथ से ‘विक्टरी’ का संकेत बनाता हुआ नजर आ रहा है, जिसने जांच को और भी संवेदनशील बना दिया है।

कुछ ही देर बाद आर्यन ने टावर की 32वीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसकी मां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और गंभीर रूप से घायल बेटे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। आर्यन के पिता ऋषि प्रधान, जो पेशे से कारोबारी हैं और उस समय जर्मनी में थे, घटना की जानकारी मिलते ही भारत लौट आए और रविवार को नोएडा पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, बहुमंजिला इमारत की छत से छात्र का बैग मिला है। जांच के तहत पुलिस ने आर्यन का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और उसकी कॉल डिटेल व अन्य डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और इसके पीछे पढ़ाई का दबाव एक प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

परिवार वालों के अनुसार, आर्यन पढ़ाई में काफी होशियार था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह किसी बात को लेकर परेशान चल रहा था। परिवार में आर्यन के अलावा उसकी एक बड़ी बहन है, जो मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि आर्यन ने अंतिम समय में किससे बातचीत की थी और वह किस मानसिक स्थिति से गुजर रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।