Greater Noida News (09/02/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में किसानों की आबादी से जुड़े मुद्दों को लेकर हलचल तेज हो गई है। किसान एकता संघ ने ‘आबादी बचाओ आंदोलन’ को व्यापक रूप देने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को गांव उस्मानपुर में एक बड़ी किसान पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
पंचायत की अध्यक्षता हाजी अकबर बाबा ने की, जबकि बैठक का संचालन किसान एकता संघ के जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। पंचायत में किसानों की समस्याओं, विशेष रूप से आबादी के ध्वस्तीकरण और निस्तारण से जुड़े मामलों पर गंभीर चर्चा की गई।
सभा को संबोधित करते हुए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्राधिकरण के दायरे में आने वाले किसी भी गांव की आबादी को उजाड़ने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के घरों और बस्तियों पर कार्रवाई की गई तो संगठन सड़क से लेकर कार्यालय तक विरोध दर्ज कराएगा।
चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि यह लड़ाई केवल जमीन की नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, अधिकार और अस्तित्व की है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसानों के हक के लिए यदि जेल भी जाना पड़ा, तो संगठन पीछे नहीं हटेगा। पंचायत के माध्यम से उन्होंने आंदोलन को और अधिक संगठित व आक्रामक रूप देने का आह्वान किया।
उन्होंने घोषणा की कि इसी क्रम में 16 फरवरी को यमुना प्राधिकरण कार्यालय पर एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस महापंचायत में हजारों किसान, मजदूर और भूमिहीन परिवारों के शामिल होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि जब तक आबादी के स्थायी निस्तारण और सुरक्षा की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
पंचायत में मौजूद किसानों ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर बार-बार उनकी आबादी को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य असुरक्षित हो गया है। किसानों ने एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
इस पंचायत में चौधरी सोरन प्रधान के अलावा श्रीकृष्ण बैसला, जोरा भाटी, विरेंद्र बैसोया, पंडित प्रमोद शर्मा, उमेद एडवोकेट, पप्पे नागर, जगदीश शर्मा, सचिन नंबरदार और जीतन नागर सहित कई प्रमुख किसान नेता मौजूद रहे। सैकड़ों किसानों की भागीदारी ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में ‘आबादी बचाओ आंदोलन’ और तेज होने वाला है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।