नोएडा एलिवेटेड रोड पर फिर धंसी सड़क! सेक्टर-61 से सेक्टर-18 तक का हिस्सा बंद, IIT रुड़की करेगा जांच
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (21 अक्टूबर, 2026): नोएडा एलिवेटेड रोड पर एक बार फिर सड़क में गड्ढा होने से निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के सामने एलिवेटेड रोड पर कंक्रीट हटने से स्टील का स्ट्रक्चर दिखाई देने लगा। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कारणों से एलिवेटेड रोड के सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाले हिस्से को बंद कर दिया गया है। मौके पर बैरिकेडिंग लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सड़क पर गड्ढा होने के कारण एलिवेटेड रोड के स्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचने की आशंका है। गड्ढे के आसपास दरारें आने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। IIT रुड़की और ब्रिज कॉर्पोरेशन की टीम जांच कर नुकसान का आकलन करेगी और संरचना की स्थिति का पता लगाएगी।
पिछले महीने भी धंसा था एलिवेटेड रोड का बड़ा हिस्सा
नोएडा के इस एलिवेटेड रोड पर यह पहली घटना नहीं है। पिछले महीने भी सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया था। बार-बार सामने आ रही इन समस्याओं ने एलिवेटेड रोड की मजबूती और रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क के प्रभावित हिस्से को बंद किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मरम्मत और जांच के चलते यह हिस्सा कई दिनों तक बंद रह सकता है।
480 करोड़ की लागत से बना है एलिवेटेड रोड
करीब 4.8 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड रोड लगभग 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया था। यह नोएडा के सेक्टर-18 को सेक्टर-62 से जोड़ता है और शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल है। इस मार्ग पर व्यस्त समय में पहले से ही जाम की समस्या रहती है। ऐसे में एलिवेटेड रोड का एक हिस्सा बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अब सभी की निगाहें तकनीकी जांच की रिपोर्ट पर हैं, जिससे पता चलेगा कि सड़क में बार-बार गड्ढे होने की वजह क्या है और एलिवेटेड रोड को सुरक्षित बनाने के लिए किन कदमों की जरूरत है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।