ढोल, दोस्ती और यादें: SRCC के शताब्दी एलुमनी रियूनियन में जश्न का सैलाब

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (09 फरवरी 2026): संगीत की लय, ढोल की थाप और ठहाकों के बीच जब बरसों पुरानी दोस्ती फिर मुस्कुराई, तो श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) का पूरा परिसर यादों के रंग में रंग गया। शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित एलुमनी रियूनियन-2026 पूर्व छात्रों के लिए उस दौर में लौटने का मौका बन गया, जहां सपने पनपे थे और आजीवन निभने वाले रिश्ते गढ़े गए थे। देश-विदेश से पहुंचे हजारों एलुमनी ने जब अपने कॉलेज को रोशनी से जगमग और उत्सव में डूबा देखा, तो हर कोना कैमरों में कैद होता चला गया और दिलों में पुरानी खुशियां उमड़ पड़ीं।

शताब्दी समारोह में कोई अपने परिवार के साथ शामिल हुआ तो कोई अपने पुराने दोस्तों के साथ। कॉलेज परिसर में दिनभर सांस्कृतिक और संगीत से जुड़े रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। गाजे-बाजे के साथ निकाले गए मशाल जुलूस और बग्गी पर सवार होकर जश्न मनाते एलुमनी आकर्षण का केंद्र बने। ढोल की थाप पर उम्र की सीमाएं टूटती दिखीं और पूर्व छात्र खुलकर नाचते-गाते नजर आए।

परिसर में हर ओर हंसी-ठहाकों का माहौल था। कहीं कैंटीन के किस्से ताजा हो रहे थे तो कहीं लाइब्रेरी में बिताए लंबे घंटों की यादें साझा की जा रही थीं। समारोह को लेकर दिव्यांग छात्र भी खासे उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर उद्योग जगत के दिग्गज, सुप्रीम कोर्ट से सेवानिवृत्त न्यायाधीश, राजनेता सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। समारोह में सेवानिवृत्त न्यायाधीश अर्जुन सीकरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल भी शामिल हुए।

एसआरसीसी एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रोफेसर गिरीश आहूजा ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन एसआरसीसी की समृद्ध विरासत और उसकी निरंतरता का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों और एलुमनी से इस ऐतिहासिक पल का भरपूर आनंद लेने का आह्वान किया। वहीं एसआरसीसी गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन अजय एस. श्रीराम ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार एसआरसीसी में इतना जोशीला एलुमनी जमावड़ा देखा है। उन्होंने इसे बारात जैसी अनुभूति बताते हुए कहा कि 100 साल कोई मजाक नहीं है और आने वाले 100 वर्षों तक इस विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कॉलेज के लिए ग्लोबल ओरिएंटेशन, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी और जीबीओ प्रोग्राम को पूर्ण एमबीए में अपग्रेड करने की दिशा में काम करने की बात कही।

समारोह में मौजूद एलुमनी एवं वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा ने कहा कि उन्होंने 50 वर्षों में एसआरसीसी में ऐसी रौनक कभी नहीं देखी। आज के जश्न ने बता दिया कि शताब्दी कैसे मनाई जाती है। वहीं कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर सिमरित कौर ने भावुक अंदाज में कहा कि जिस जगह पर वह आज खड़ी हैं, वहां उन्हें असंख्य जुगनू चमकते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो एसआरसीसी की जीवंत ऊर्जा का प्रतीक हैं।

कॉलेज में शताब्दी समारोह की शुरुआत जनवरी महीने से हो चुकी है और हर माह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी 27 अप्रैल को कॉलेज का स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसे लेकर छात्रों और एलुमनी में खासा उत्साह है।

समारोह में शामिल एलुमनी ने भी अपने अनुभव साझा किए। 1993 बैच के प्रकाश खेमानी ने इसे सौ साल के विश्वास का उत्सव बताया और कहा कि देश को यहां से अनगिनत काबिल युवा मिले हैं। 1974 बैच के एन.के. ओबरॉय ने कॉलेज के पुराने माहौल को याद करते हुए कहा कि समय के साथ परिसर की तस्वीर बदल गई है, लेकिन यादें आज भी वैसी ही ताजा हैं। वहीं देवेंद्र पाल सिंह ने शताब्दी समारोह की तुलना 1976 की गोल्डन जुबली से की, जबकि 1983 बैच की संगीता गुप्ता ने कैंटीन के समोसे और पंडित जी की चाय को याद करते हुए कहा कि एसआरसीसी ने ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कुल मिलाकर, एसआरसीसी का शताब्दी एलुमनी रियूनियन सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि यादों, रिश्तों और विरासत का ऐसा संगम बना, जिसने हर मौजूद शख्स के दिल में कॉलेज के लिए गर्व और अपनापन और भी गहरा कर दिया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।