सिटी हार्ट अकादमी में शैक्षिक विचार गोष्ठी आयोजित, RTI अधिनियम पर हुई विस्तृत चर्चा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (09/02/2026): दादरी–कटहरा रोड स्थित सिटी हार्ट अकादमी स्कूल परिसर में शैक्षिक उन्नयन को लेकर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पब्लिक स्कूल ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें दादरी क्षेत्र के विभिन्न बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों के स्कूल ऑनर्स और प्रधानाचार्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार तथा नोडल अधिकारी आलोक मिश्रा रहे। विद्यालय परिसर में पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रबंधक संदीप भाटी और प्रधानाचार्या रुचि भाटी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों को तिलक लगाकर, पुष्पमाला एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।

गोष्ठी के दौरान मुख्य वक्ता बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने ‘राइट टू एजुकेशन’ (आरटीई) अधिनियम से जुड़ी प्रक्रियाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवेदन की तिथियां, लॉटरी प्रणाली, बच्चों के चयन की विधि सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभिभावक आवेदन करते समय अपने वार्ड और जिला पंचायत क्षेत्र का विशेष ध्यान रखें तथा उसी क्षेत्र के विद्यालयों में आवेदन करें, ताकि बाद में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक के दौरान स्कूल संचालकों ने आरटीई से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी शंकाओं का समाधान करते हुए आश्वस्त किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत जानकारी या अनुचित प्रक्रिया के आधार पर किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही यह भी बताया गया कि अभिभावक किसी भी विद्यालय की प्रारंभिक कक्षा के लिए आरटीई के अंतर्गत आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर पब्लिक स्कूल ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप भाटी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा बेसिक शिक्षा अधिकारी को शाल और संस्था का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में क्षेत्र के अनेक बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के संचालक और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इसे शैक्षिक जागरूकता और समन्वय की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।