New Delhi News (09 February 2026): दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खड़ी कार के अंदर महिला समेत तीन लोगों के शव बरामद किए गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने कार को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, कार के अंदर मृतकों की पहचान 76 वर्षीय रणधीर, 40 वर्षीय लक्ष्मी देवी और 47 वर्षीय शिव नरेश सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि रणधीर और शिव नरेश पिछले करीब छह साल से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे। महिला लक्ष्मी देवी, शिव नरेश की जानकार थी और दोनों के बीच करीबी संबंध बताए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। कार की पिछली सीट से शिव नरेश का हेलमेट और ट्रैक सूट बरामद हुआ है, जिससे पुलिस कई एंगल से मामले को जोड़कर देख रही है। फिलहाल दो लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक शिव नरेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे। उनकी बाइक अभी तक नहीं मिली है, जो जांच के लिए एक अहम कड़ी मानी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों एक साथ कार में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए दिल्ली पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।