मिनी नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप के लिए यूपी टीम में गौतमबुद्ध नगर के छह खिलाड़ी चयनित

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/02/2026): रोल बॉल स्पोर्ट्स संघ, गौतम बुद्ध नगर के लिए गर्व का क्षण है। 15वीं मिनी नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में जिले के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों और परिजनों में उत्साह का माहौल है।

चयनित खिलाड़ियों में बालक वर्ग से अविरल सिंह (कक्षा पांच, समसारा डी वर्ल्ड एकेडमी, ग्रेटर नोएडा), स्नितिक प्रताप सिंह (कक्षा पांच, एस्टर पब्लिक स्कूल, नोएडा एक्सटेंशन) और सात्विक आर्य (कक्षा चार, जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा) शामिल हैं।

वहीं बालिका वर्ग में हृदय आनंद (कक्षा पांच, जेबीएम ग्लोबल स्कूल, नोएडा), मायरा सिंह (कक्षा छह, जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा) और इरा शर्मा (कक्षा पांच, जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा) ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश टीम में स्थान बनाया है।

गौतम बुद्ध नगर रोल बॉल स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष एडवोकेट मोहित दलगीर, मुख्य कोच आकाश बंसल, जिले के राष्ट्रीय खिलाड़ी कान्हा अग्रवाल और केन्या के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ब्रायन मांगइरा माटिकों सहित संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के अभिभावकों ने चयनित सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

संघ के सचिव रविकांत ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश की बालक वर्ग टीम के कोच की जिम्मेदारी जिले के प्रशिक्षक मिलिंद शर्मा को सौंपी गई है, जो खिलाड़ियों को तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करेंगे।

उत्तर प्रदेश टीम का अभ्यास शिविर गाजियाबाद स्थित कोलंबिया इंस्टीट्यूट में 16 फरवरी से 18 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में चयनित सभी छह खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश टीम 19 फरवरी को गाजियाबाद से तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के लिए रवाना होगी।

15वीं मिनी नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप का आयोजन 21 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक साईं जी रोल बॉल ग्राउंड, तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु में किया जाएगा। गौतमबुद्ध नगर रोल बॉल स्पोर्ट्स संघ ने सभी चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।