लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 February 2026): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के भाषण को लेकर उठा विवाद अब और गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में विपक्षी दलों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष स्पीकर की हालिया टिप्पणियों और सदन संचालन के तरीके से नाराज है और जल्द ही इस संबंध में औपचारिक कदम उठाया जा सकता है।

विवाद की जड़ राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी का भाषण है। कांग्रेस का आरोप है कि स्पीकर ओम बिरला ने नियमों का हवाला देकर राहुल गांधी को अपना भाषण पूरा नहीं करने दिया। राहुल गांधी अपने संबोधन के दौरान पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल एम.एम. नरवणे की एक अप्रकाशित किताब का संदर्भ दे रहे थे, जिस पर आपत्ति जताते हुए उन्हें रोक दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि यह विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है।

कांग्रेस इस बात से भी नाराज है कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को सदन में कुछ किताबों का हवाला देकर इंदिरा गांधी समेत कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्रियों पर हमला करने की अनुमति दी गई। वहीं, सदन में हुए हंगामे के बाद कांग्रेस समेत कुल आठ सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा स्पीकर की उस टिप्पणी को लेकर भी विपक्ष में नाराजगी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के कुछ सदस्य प्रधानमंत्री के आसन के पास पहुंचकर कोई अप्रत्याशित घटना कर सकते थे, इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री से सदन में न आने का आग्रह किया।

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए विपक्ष को कम से कम 100 सांसदों के हस्ताक्षर वाला प्रस्ताव देना होता है। इंडिया गठबंधन के पास फिलहाल करीब 240 सांसद हैं, जिससे प्रस्ताव लाने के लिए संख्या पर्याप्त है। हालांकि, मौजूदा संख्याबल को देखते हुए विपक्ष के लिए इस अविश्वास प्रस्ताव को लोकसभा में पारित कराना आसान नहीं होगा, लेकिन इसके जरिए वह स्पीकर के रवैये पर राजनीतिक दबाव जरूर बनाना चाहता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।