फिल्म सिटी निर्माण कंपनी पर क्यों लगा जुर्माना?, Yamuna Authority का एक्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/02/2026): नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने फिल्म सिटी परियोजना से जुड़ी कंपनी Bayview Bhutani Film City Private Limited पर जुर्माना लगाया है। कंपनी तय समय में अपनी फंडिंग योजना पूरी नहीं कर पाई, जिस कारण यह कार्रवाई की गई है।
YEIDA अधिकारियों के अनुसार, 9 जून 2025 को इस परियोजना की “नियुक्त तिथि” तय की गई थी। इसके बाद कंपनी को 180 दिनों के भीतर फाइनेंशियल क्लोज यानी परियोजना के लिए धन की व्यवस्था से जुड़े सभी दस्तावेज जमा करने थे। इसकी अंतिम तारीख 6 दिसंबर 2025 थी।
फाइनेंशियल क्लोज के तहत बैंक से लोन की मंजूरी, लोन एग्रीमेंट, फंड जारी करने की योजना, निवेश से जुड़े दस्तावेज और शेयरधारकों की मंजूरी जैसे कागजात देना जरूरी होता है। परियोजना की कुल लागत करीब 1,510 करोड़ रुपये है, जिसकी व्यवस्था का प्रमाण कंपनी को देना था।
समय पर दस्तावेज जमा न करने के कारण YEIDA ने कंपनी पर 0.05 प्रतिशत प्रति सप्ताह के हिसाब से जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी जरूरी कागजात स्वीकार नहीं हो जाते।
अधिकारियों का कहना है कि, बिना पक्की फंडिंग के जमीन को लंबे समय तक रोका नहीं जा सकता।फाइनेंशियल क्लोज परियोजना का अहम हिस्सा है और इसे अनिवार्य माना जाता है।
फिल्म सिटी परियोजना फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के संयुक्त समूह द्वारा विकसित की जा रही है। पहले चरण में 80 एकड़ में फिल्म इंस्टीट्यूट और स्टूडियो बनाए जाने हैं। कुल 230 एकड़ में फैली इस परियोजना में औद्योगिक और व्यावसायिक उपयोग के लिए अलग-अलग क्षेत्र तय किए गए हैं।
भूटानी ग्रुप के सीईओ के अनुसार, जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी। प्लॉट पर फेंसिंग का काम शुरू हो चुका है और मार्च से पहली फिल्म की शूटिंग शुरू होने की योजना है।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म सिटी में पहली फिल्म “मॉम-2” की शूटिंग की तैयारी चल रही है। जमीन की मैपिंग का काम पूरा होने के बाद लगभग 20 दिनों में शूटिंग सेट तैयार किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।