चार दिवसीय बसंत उत्सव पुष्प प्रदर्शनी, ‘ईस्ट मीट्स वेस्ट’ थीम पर सजेगा फ्लावर शो | Noida Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (06/02/2026): नोएडा प्राधिकरण द्वारा हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले बहुप्रतीक्षित बसंत उत्सव (Flower Show) का इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। शहर को हरियाली, रंग-बिरंगे फूलों और प्राकृतिक सौंदर्य से सजाने वाला यह उत्सव 19 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक चार दिनों तक आयोजित होगा। इस वर्ष यह आयोजन नोएडा के सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के समीप हेलीपैड ग्राउंड में किया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) वंदना त्रिपाठी ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत के दौरान आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि, यह बसंत उत्सव पुष्प प्रदर्शनी का 38वां संस्करण है। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण की स्थापना के बाद से बीते 37 वर्षों से उद्यान विभाग द्वारा इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखना है।
एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने कहा, नोएडा में पहले भी फ्लावर शो बहुत सफलतापूर्वक आयोजित होते रहे हैं और इस बार हमारा 38वां संस्करण है। इस वर्ष की थीम ‘ईस्ट मीट्स वेस्ट’ रखी गई है, जिसमें भारत की समृद्ध संस्कृति और विविधता को फूलों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। नोएडा एक ऐसा शहर है जहां देश के लगभग हर राज्य के लोग रहते हैं, इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ‘अनेकता में एकता’ की अवधारणा पर इस फ्लावर शो का आयोजन किया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि इस बार लगभग 19 से 20 भव्य फ्लोरल डिस्प्ले तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न प्रजातियों के मौसमी फूल, सजावटी पौधे, थीम गार्डन और लैंडस्केपिंग के आकर्षक नमूने देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
केदारनाथ मंदिर की पुष्प आकृति होगी मुख्य आकर्षण
हर वर्ष की तरह इस बार भी बसंत उत्सव में एक विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा। एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया, पिछली बार हमने विश्वनाथ मंदिर को फ्लोरल थीम में प्रस्तुत किया था और इस बार भगवान महादेव के पावन धाम केदारनाथ मंदिर को फूलों के माध्यम से दर्शाने की कोशिश की गई है। यह दर्शकों के लिए एक आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव होगा।

RWA और संस्थाओं की भागीदारी, 34 श्रेणियों में प्रतियोगिताएं
बसंत उत्सव में नोएडा की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी रहेगी। एसीईओ ने बताया कि फ्लोरीकल्चर सोसायटी के माध्यम से करीब 33 से 34 विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें बागवानी, फूलों की सजावट, पौधों की प्रदर्शनी सहित कई अन्य प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
बच्चों को प्रकृति के करीब लाने के उद्देश्य से पेंटिंग प्रतियोगिता, सांस्कृतिक नृत्य, और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके।

यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
पिछले वर्षों में भारी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति को देखते हुए इस बार भी विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था की गई है। वंदना त्रिपाठी ने कहा, पिछली बार न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग आए थे। इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यातायात और पार्किंग की पूरी योजना तैयार की गई है, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रवेश निःशुल्क, सभी के लिए खुला रहेगा उत्सव
नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बसंत उत्सव में प्रवेश के लिए किसी प्रकार का टिकट नहीं लिया जाएगा। यह प्रदर्शनी पूरी तरह निःशुल्क होगी और आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। एसीईओ ने अंत में शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे परिवार और बच्चों के साथ इस आयोजन में शामिल होकर प्रकृति के इस अनूठे उत्सव का आनंद लें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनें। चार दिनों तक चलने वाला यह बसंत उत्सव एक बार फिर नोएडा को फूलों की खुशबू, रंगों की छटा और सांस्कृतिक विविधता से सराबोर करने जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।