नोएडा के ARTO डॉ. उदित नारायण पाण्डेय को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (17/11/2026): उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग में नोएडा में तैनात ARTO डॉ. उदित नारायण पाण्डेय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित भारत-यूके लीडरशिप समिट 2026 में ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रशासनिक कार्यों, साहित्यिक योगदान और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों के लिए दिया गया।

15 नवंबर को आयोजित समिट में डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल अच्छी सड़कें, सुरक्षित वाहन और यातायात नियम पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि वाहन चालक का मानसिक रूप से स्वस्थ और शांत होना भी जरूरी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के अंतरराष्ट्रीय ढांचे में सुरक्षित मन और मानसिक स्वास्थ्य को छठे स्तंभ के रूप में शामिल करने का सुझाव दिया।

उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि गुस्सा, जल्दबाजी, तनाव, अहंकार और लापरवाही जैसी आदतें सड़क हादसों की बड़ी वजह बन सकती हैं। उन्होंने भारतीय दर्शन का उदाहरण देते हुए काम, क्रोध, लालच, मोह, अहंकार, जलन और आलस्य को मनुष्य के सात ऐसे अवगुण बताया, जो वाहन चलाते समय उसके व्यवहार को प्रभावित करते हैं। उनके अनुसार सड़क सुरक्षा के लिए चालकों को नियमों की जानकारी देने के साथ व्यवहार और मानसिक स्थिति पर नियंत्रण रखने का प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए।

डॉ. पाण्डेय ने वाहन चालकों को यात्रा शुरू करने से पहले खुद से चार सवाल पूछने की सलाह दी। क्या वे गुस्से में हैं, किसी तनाव या जल्दबाजी में हैं, शारीरिक या मानसिक रूप से थके हुए हैं और क्या किसी दूसरे वाहन से आगे निकलने की होड़ में हैं? यदि इनमें से किसी भी सवाल का जवाब हां है तो कुछ देर रुककर खुद को शांत करने के बाद ही वाहन चलाना चाहिए। उन्होंने ड्राइवरों के लिए तनाव प्रबंधन का प्रशिक्षण, ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया में व्यवहार संबंधी शिक्षा और सड़क हादसों से प्रभावित परिवारों को मानसिक परामर्श उपलब्ध कराने जैसे सुझाव भी रखे।

डॉ. उदित नारायण पाण्डेय को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक समय तक काम करने का अनुभव है। वे संस्कृत के विद्वान हैं और पीएचडी कर चुके हैं। साहित्य के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा है। उनके कविता संग्रह ‘जागो रे जागो’ और कहानी संग्रह ‘समझावनपुर’ प्रकाशित हो चुके हैं। इससे पहले उन्हें जयशंकर प्रसाद पुरस्कार और कविव्रती पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।