Noida News (17/11/2026): ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 को लेकर नोएडा में निवेश की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार नोएडा प्राधिकरण को 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 13,224 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू साइन हो चुके हैं। कुल 27 कंपनियों के साथ निवेश संबंधी समझौते की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
इन निवेश प्रस्तावों में औद्योगिक, संस्थागत और वाणिज्यिक क्षेत्र की परियोजनाएं शामिल हैं। प्राधिकरण को उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में कुछ और बड़ी कंपनियों के साथ समझौते हो सकते हैं। निवेश का लक्ष्य पूरा करने के लिए अधिकारियों की ओर से लगातार निवेशकों के साथ बैठकें की जा रही हैं। इसके अलावा जल्द ही एक सेमिनार आयोजित कर नोएडा में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं से कंपनियों को अवगत कराया जाएगा।
हैवेल्स और डिक्सन जैसी कंपनियां भी निवेश की दौड़ में
जीबीसी-5 के तहत जिन कंपनियों के साथ निवेश संबंधी एमओयू की प्रक्रिया चल रही है, उनमें एम3एम इंडिया, इंजिक्या, थीम काउंटी, गोदरेज प्रॉपर्टीज, हैवेल्स इंडिया, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, यूफ्लेक्स, डेसनेक कैपिटल इंडिया और वेबवर्क इंडिया सहित कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के निवेश से नोएडा में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
नवंबर के अंत में प्रस्तावित है जीबीसी-5
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5 का आयोजन नवंबर के अंत में प्रस्तावित है। हालांकि, अभी इसकी तारीख और आयोजन स्थल को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कार्यक्रम लखनऊ में होगा या नोएडा में, इस पर भी फैसला होना बाकी है। फिलहाल नोएडा प्राधिकरण का पूरा ध्यान निर्धारित 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य को हासिल करने पर है।
पिछली जीबीसी में 75 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
पिछले वर्ष आयोजित जीबीसी-4 में नोएडा प्राधिकरण को 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले 75,093 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए 299 कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए गए थे। अब इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। वहीं, जीबीसी-5 के लिए नए निवेश प्रस्ताव जुटाने की कवायद तेज कर दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।