कॉमन एरिया में पालतू कुत्ते को शौच कराने पर हंगामा, वीडियो वायरल

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (05/02/2026): ग्रेटर नोएडा की एक हाउसिंग सोसाइटी में पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला न सिर्फ ऊंची आवाज में चिल्लाती नजर आ रही है, बल्कि आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज भी करती दिखाई दे रही है। आरोप है कि महिला ने सोसाइटी के कॉमन एरिया में अपने पालतू डॉग को शौच कराया, जिस पर स्थानीय निवासियों ने आपत्ति जताई थी।

यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्सवुड सोसाइटी के ए-ब्लॉक की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महिला किराये पर अकेले रहती है और मंगलवार शाम को अपने पालतू कुत्ते को बाहर लेकर निकली थी। इसी दौरान उसने कुत्ते को उस स्थान पर शौच कराया, जो सोसाइटी के नियमों के अनुसार प्रतिबंधित कॉमन एरिया में आता है।

सोसाइटी के कुछ निवासियों ने जब महिला से विनम्रता से यह कहा कि पालतू कुत्ते को निर्धारित स्थान पर शौच कराया जाए, तो महिला अचानक आक्रोशित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी ओर से कोई अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया गया था, इसके बावजूद महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करने लगी।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला एक हाथ में कुत्ते को उठाए हुए है और दूसरे हाथ से मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड कर रही है। वह बार-बार कहती सुनाई देती है कि सब कुछ “लाइव” है और लोगों को धमकाने की कोशिश करती है। इस दौरान मौके पर मौजूद सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी महिला को शांत करने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं दिखी।

वीडियो में यह भी नजर आता है कि बहस के दौरान एक अन्य महिला आगे बढ़कर उसका फोन हटाने की कोशिश करती है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो जाती है। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और किसी तरह मामला बढ़ने से रोक लिया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर हाउसिंग सोसाइटी में पालतू जानवरों के साथ रहने से जुड़ी जिम्मेदारियों और शिष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अनावश्यक रूप से हंगामा करना और सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं माना जा सकता।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।