ओडिशा से दिल्ली-NCR तक गांजा सप्लाई का नेटवर्क, बड़ा खुलासा!

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (05/02/2026): दिल्ली-एनसीआर में नशे की सप्लाई चेन को तोड़ते हुए फेस-3 थाना पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर एनसीआर में खपाने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 30 किलो उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है।

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला 24 वर्षीय सरवन चौधरी, बुलंदशहर के बीवी नगर निवासी 26 वर्षीय लव कुमार, बिहार के सीतामढ़ी का 22 वर्षीय नीतीश कुमार और 20 वर्षीय राज नारायण कुमार उर्फ छोटू शामिल हैं। उम्र कम होने के बावजूद इन सभी के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो इनके संगठित अपराध में लिप्त होने की पुष्टि करता है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से ओडिशा से गांजा मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई किए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के जरिए नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। पुख्ता सूचना मिलने पर बुधवार को विशेष टीम ने जाल बिछाकर चारों तस्करों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर पहले दिल्ली पहुंचाते थे, फिर वहां से नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर के अन्य शहरों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का मुख्य फोकस कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र, पीजी में रहने वाले युवा और मजदूर वर्ग के लोग थे। सस्ते दाम पर नशा उपलब्ध कराने का झांसा देकर युवाओं को नशे की लत की ओर धकेला जा रहा था।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े खरीदारों और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुट गई है। इसके लिए आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और एनसीआर में नशे के अवैध कारोबार को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा था।फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से एनसीआर में नशे के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।