अमेरिका के प्रमुख ट्रेड शो “NY Now 2026”, न्यूयॉर्क में EPCH की सशक्त उपस्थिति

दिल्ली/एनसीआर – 02 फरवरी 2026 : “एनव्हाई नाउ 2026” न्यूयॉर्क, यूएसए में प्रारंभ हो गया और 03 फरवरी 2026 को संपन्न होगा । ईपीसीएच इंडिया पवेलियन का उद्घाटन बिनय प्रधान, कॉन्सुल जनरल ऑफ इंडिया, न्यूयॉर्क, यूएसए द्वारा किया गया । इस अवसर पर राजलक्ष्मी कदम, कॉन्सुल (ट्रेड) – सीजीआई, न्यूयॉर्क; ईपीसीएच की कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के सदस्य: राज कुमार मल्होत्रा एवं के. एन. तुलसी राव; प्रतिष्ठित सदस्य निर्यातक, मास्टर क्राफ्टपर्सन्स तथा ट्रेड विज़िटर्स की गरिमामयी उपस्थिति रही । यह आयोजन जैविट्स कन्वेंशन सेंटर, न्यूयॉर्क में आयोजित किया जा रहा है ।

बिनय प्रधान, कॉन्सुल जनरल ऑफ इंडिया, न्यूयॉर्क, यूएसए ने अन्य अधिकारियों के साथ ईपीसीएच इंडिया पवेलियन का दौरा किया, प्रतिभागियों से बातचीत की तथा शो में भारतीय हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शित विविधता और व्यापक रेंज को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की । उन्होंने ईपीसीएच एवं एक्सपो बाज़ार के बिज़नेस मॉडल में भी विशेष रुचि दिखाई, जो अमेरिकी खरीदारों के लिए सोर्सिंग को आसान बनाने में सहायक है ।

ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने कहा, “एनव्हाई नाउ अमेरिका में भारतीय हस्तशिल्प के लिए एक महत्वपूर्ण मार्केटप्लेस है, जहाँ गिफ्ट, होम और लाइफस्टाइल सेगमेंट के होलसेल खरीदार एक मंच पर आते हैं । इस शो में ईपीसीएच की भागीदारी ने अमेरिकी बाजार के साथ भारत की सहभागिता को और मजबूत किया है । यह ‘इंडिया हैंडमेड’ के लिए बाजार पहुँच बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जहाँ हम प्रत्यक्ष बायर कनेक्ट सक्षम करते हैं, डिज़ाइन-आधारित कलेक्शंस प्रदर्शित करते हैं और प्रत्येक उत्पाद के पीछे मौजूद कारीगरी की गहराई को सामने लाते हैं । हमें विश्वास है कि एनव्हाई नाउ 2026 में दिखाई दे रही मजबूत रुचि हमारे निर्यातकों के लिए सतत पूछताछ और दीर्घकालिक साझेदारियों में परिवर्तित होगी ।”

ईपीसीएच की कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के सदस्य के. एन. तुलसी राव ने कहा, “एनव्हाई नाउ में भारत की भागीदारी मेले की जीवंतता और विविधता को बढ़ाएगी तथा वैश्विक निर्माताओं, रिटेलर्स और ब्रांड्स को भारतीय टेक्सटाइल्स, होम फर्निशिंग और कंज़्यूमर प्रोडक्ट्स उद्योग में मौजूद सशक्त उद्यमशीलता से परिचित कराएगी, जिससे भारत से सोर्सिंग के नए अवसर खुलेंगे।”

ईपीसीएच की कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के सदस्य राज कुमार मल्होत्रा ने कहा, “इस शो से अमेरिका और उत्तर अमेरिकी बाजारों में उभरते रुझानों, रंगों, सामग्रियों और उपभोक्ता पसंद के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है । ये इनसाइट्स ईपीसीएच सदस्यों को वैश्विक मांग के अनुरूप अपने उत्पाद विकास और कलेक्शंस को संरेखित करने में मदद करेंगी, जिससे भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और पसंदीदा सोर्सिंग डेस्टिनेशन के रूप में देश की छवि और मजबूत होगी।”

राजेश रावत, कार्यकारी निदेशक–ईपीसीएच ने जानकारी दी कि इस संस्करण में ईपीसीएच इंडिया पवेलियन के अंतर्गत ईपीसीएच के 3 सदस्य निर्यातक भाग ले रहे हैं, जो होम डेकोर, होम फर्निशिंग्स, फैशन ज्वेलरी आदि उत्पाद श्रेणियों का प्रदर्शन कर रहे हैं । भारतीय हस्तशिल्प के प्रचार हेतु ईपीसीएच ने थीमैटिक डिस्प्ले भी स्थापित किया है, जिसमें मास्टर क्राफ्टपर्सन्स/कारीगरों द्वारा पारंपरिक भारतीय शिल्पों का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया जा रहा है । विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय द्वारा 3 मास्टर क्राफ्टपर्सन्स को प्रतिनियुक्त किया गया है जिसमे गुजरात का एप्लीक क्राफ्ट, गुजरात का अजरख हैंड ब्लॉक प्रिंट, तथा गुजरात का हैंड ब्लॉक शामिल हैं ।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।