NOIDA News (27/01/2026): भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर हिंदू जनजागृति मंच, खांबी के तत्वावधान में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने क्षेत्र में देशभक्ति का वातावरण निर्मित किया और शौर्य, त्याग व बलिदान की परंपरा को स्मरण कराने का कार्य किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदी स्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ की गई, जहां संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधिवत तिरंगा ध्वजारोहण किया। इस दौरान अमर शहीद युधिष्ठिर को पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्ररक्षा में उनके योगदान को स्मरण किया गया। इसके उपरांत प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम की गरिमा को और सुदृढ़ किया गया।
इसके बाद मढ़ी मंदिर से भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति नारों और राष्ट्रगान की गूंज के बीच यह यात्रा मढ़ी मंदिर से चलकर बस स्टैंड, राम मंदिर, होली चौक, मथुरादास मंदिर, बीवीएन स्कूल होते हुए पुनः मढ़ी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में नगरवासियों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में देशप्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

इस आयोजन में बिशन, मोहन श्याम, मोहित मनोहर, लालचंद, सागर, संजय प्रजापति, राजेश, ताराचंद, गुरुदत्त, शिव, अनिल, पवन, धर्मेंद्र, मोनू, कुलदीप, जोगेंद्र राठौर, खेमचंद, पुनीत, रोहताश गोला, विनीत, रवि, रिंकू, सुनील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं दया किशन, हैप्पी, दुष्यंत, मोनू, दिनेश तथा बीवीएन स्कूल के एनसीसी विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा के अग्रिम पंक्ति में रहकर अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भारत की स्वतंत्रता और गणतंत्र की नींव वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से मजबूत हुई है। शहीदों का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रहित में कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि हिंदू जनजागृति मंच राष्ट्र, संस्कृति और शहीदों के सम्मान के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करता रहेगा।

भगवत प्रसाद शर्मा ने 77वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय परेड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष प्रस्तुत की गई विशेष झांकियां भारत की जीवंत आत्मा का उत्सव थीं। इन झांकियों के माध्यम से देश की विविध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और आधुनिक उपलब्धियां सजीव रूप में सामने आईं। “विकसित भारत” की संकल्पना को केंद्र में रखकर आत्मनिर्भर भारत, विज्ञान, तकनीक, नवाचार, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप संस्कृति, हरित ऊर्जा और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने विशेष रूप से युवाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।