भारत–EU ट्रेड डील से भारतीय व्यापार और निर्यात को नई रफ्तार: सुशील कुमार जैन

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (28/01/2026): सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन, नोएडा के अध्यक्ष एवं कैट (CAIT) दिल्ली-एनसीआर के संयोजक सुशील कुमार जैन ने भारत–यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement) का जोरदार स्वागत करते हुए इसे भारतीय व्यापार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तथा निर्यातकों के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम बताया है।

सुशील कुमार जैन ने कहा कि यह समझौता भारत के निर्यात को नई ऊंचाइयों पर ले जाने, घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूती देने और भारतीय व्यापारियों, निर्यातकों, छोटे उद्योगों व कारीगरों के लिए वैश्विक बाजारों के द्वार खोलने वाला साबित होगा। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और वैश्विक मंच पर मजबूत सौदेबाजी क्षमता का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि यह ट्रेड डील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के आत्मविश्वासी आर्थिक उभार को दर्शाती है और यह साबित करती है कि भारत अब एक सशक्त वैश्विक व्यापारिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। लगभग 45 करोड़ की आबादी और उच्च आय वाले यूरोपीय बाजार में भारतीय उत्पादों को तरजीही और लगभग शून्य शुल्क की सुविधा मिलने से भारतीय सामानों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।

सुशील कुमार जैन के अनुसार, इस समझौते में भारत से यूरोपीय संघ को होने वाले निर्यात को मौजूदा लगभग 75 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर आने वाले वर्षों में 120 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक तक ले जाने की क्षमता है। इससे भारत के निर्यात क्षेत्र में बड़ा विस्तार होगा और नए व्यापारिक अवसर सृजित होंगे।

कैट दिल्ली-एनसीआर के संयोजक के रूप में सुशील कुमार जैन ने बताया कि टेक्सटाइल, गारमेंट्स, लेदर, रत्न एवं आभूषण, हस्तशिल्प, समुद्री उत्पाद, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, रसायन और प्रोसेस्ड फूड जैसे श्रम-प्रधान और व्यापार आधारित क्षेत्र इस समझौते से सबसे अधिक लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यह डील विशेष रूप से MSMEs, छोटे मैन्युफैक्चरर्स, निर्यातकों और पारंपरिक कारीगरों के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगी, जिनकी आजीविका काफी हद तक यूरोपीय बाजारों पर निर्भर है।

उन्होंने कहा कि यह व्यापार समझौता कई स्तरों पर भारत को लाभ पहुंचाएगा। टैरिफ में कटौती से भारतीय उत्पादों की कीमतें अधिक प्रतिस्पर्धी होंगी, जिससे निर्यात मांग में वृद्धि होगी। इसके साथ ही भारतीय व्यापारियों को नए बाजार और बड़े ऑर्डर मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। यह समझौता वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं और सप्लाई चेन में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा, रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा और मैन्युफैक्चरिंग आधारित विकास को गति देगा। इसके अलावा, निर्यात गंतव्यों में विविधता आएगी, जिससे कुछ सीमित बाजारों पर निर्भरता और उससे जुड़े जोखिम कम होंगे।

कैट ने यह भी स्पष्ट किया कि यह समझौता भारत की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं जैसे “मेक इन इंडिया”, “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” के विजन के पूरी तरह अनुरूप है। यह भारतीय व्यापार और उद्योग को दीर्घकालिक और स्थायी वैश्विक नेतृत्व के लिए तैयार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

सुशील कुमार जैन ने कहा कि यह समझौता केवल निर्यात बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय व्यापारियों के आर्थिक आत्मविश्वास, रणनीतिक स्वायत्तता और दीर्घकालिक समृद्धि से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि कैट देशभर के व्यापारियों और MSMEs के साथ सक्रिय रूप से काम करेगा, ताकि वे इस ऐतिहासिक समझौते से मिलने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठा सकें।

कैट ने केंद्र सरकार से अपील की कि भारत–EU ट्रेड एग्रीमेंट के लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं। विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों के व्यापारियों के लिए क्षमता निर्माण, कंप्लायंस सपोर्ट और निर्यात प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि इस ऐतिहासिक डील का लाभ पूरे देश में समान रूप से मिल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।