GREATER NOIDA News (25/01/2026): दादरी क्षेत्र में स्थित सिद्धपीठ महाकालेश्वर मंदिर परिसर से जुड़े खाटू श्याम मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दो शातिर चोरों ने केवल सात मिनट के भीतर मंदिर से दो घंटे, एक ज्योत और एक छोटी घंटी चोरी कर ली। यह पूरी घटना 24 जनवरी को दोपहर 1 बजकर 18 मिनट से 1 बजकर 25 मिनट के बीच हुई, जो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोपहर करीब 1:18 बजे दो युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुए। इनमें से एक युवक हेलमेट और दस्ताने पहने हुए था, जबकि दूसरा कंधे पर बैग टांगे नजर आया। मंदिर में प्रवेश करते ही दोनों ने इधर-उधर निगाह दौड़ाई और पहले छोटी ज्योत व घंटी को अपने बैग में रख लिया। इसके बाद उनकी नजर मंदिर में टंगे बड़े घंटे पर गई।
चोरों ने बैग से प्लास निकालकर बड़े घंटे की चेन काटी और उसे भी बैग में भर लिया। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी दोपहर 1:25 बजे मंदिर परिसर से बाहर निकल गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने के बाद जाते समय दोनों आरोपियों ने मंदिर के भीतर हाथ जोड़कर प्रणाम भी किया, जिससे उनकी नीयत और बेखौफ अंदाज पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि चोरी की यह घटना बेहद सुनियोजित तरीके से की गई है। चोरों को मंदिर की गतिविधियों और वहां लगे सामान की पूरी जानकारी पहले से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी का माहौल है और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति की ओर से दादरी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी। दिनदहाड़े मंदिर जैसे पवित्र स्थल में हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।